सोमवार को बोधगया आयेंगे वियतनाम के राष्ट्रपति, बदला ट्रैफिक प्लान, सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक ये रास्ते रहेंगे सील

वियतनाम के राष्ट्रपति सोमवार को बोधगया के दौरे पर रहेंगे. इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार के लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है.
बोधगया. वियतनाम के राष्ट्रपति सोमवार को बोधगया के दौरे पर रहेंगे. इसको लेकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. वीवीआइपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को जाम का सामना न करना पड़े और सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार के लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. सोमवार सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक बोधगया के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा. ट्रैफिक प्लान के अनुसार, पांच घंटे की इस अवधि (सुबह 10 से दोपहर 3 बजे) में पांच नंबर गेट, हवाई अड्डा, टेकुना फार्म, दोमुहान और नोड वन से महाबोधि मंदिर की ओर आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः वर्जित रहेगा. इसके अलावा नोड वन से करमापा मंदिर की ओर जानेवाली सड़क पर भी किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. वियतनामी राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सिटी एसपी ने रविवार को पुलिस केंद्र, गया में ””स्टैटिक गार्ड रिसेप्शन”” का रिहर्सल कराया और उसका निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
इस वैकल्पिक मार्ग का करें इस्तेमाल
आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग तय किया है. जो लोग इस अवधि के दौरान गया से बोधगया या बोधगया से गया की यात्रा करना चाहते हैं, वे शेरघाटी-चेरकी-गुलेरियाचक-सिकरिया मोड़ वाले रूट का इस्तेमाल कर सकते हैं. इस मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से सुचारू रहेगा. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए तय समय पर इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










