गया जी में नीट यूजी में 97 प्रतिशत रही उपस्थिति, 12 केंद्रों पर हुई परीक्षा

Published by :PRANJAL PANDEY
Published at :03 May 2026 9:21 PM (IST)
विज्ञापन
गया जी में नीट यूजी में 97 प्रतिशत रही उपस्थिति, 12 केंद्रों पर हुई परीक्षा

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से रविवार को शहर के 12 केंद्रों पर नीट यूजी 2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.

विज्ञापन

गया जी. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से रविवार को शहर के 12 केंद्रों पर नीट यूजी 2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. एक ही पाली में आयोजित इस महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों का उत्साह देखने लायक था. जिले में इस परीक्षा में लगभग 97 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 7198 अभ्यर्थियों को शामिल होना था. इनमें से 6997 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे, जबकि 201 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे.

इन प्रमुख केंद्रों पर हुई परीक्षा

शहर में परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 12 केंद्र बनाये गये थे. इनमें जगजीवन कॉलेज, गया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर एक और दो के साथ-साथ गया कॉलेज के विभिन्न ब्लॉक (एमबीए, कॉमर्स, मानविकी और सीवी रमण ब्लॉक) और महावीर इंटर कॉलेज शामिल थे. परीक्षा के निष्पक्ष और कदाचार मुक्त संचालन के लिए सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, महिला मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की सख्त तैनाती की गयी थी.

सिटी एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कोटा किरण कुमार ने खुद मोर्चा संभाला. उन्होंने गया कॉलेज परिसर सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान सिटी एसपी ने परीक्षा की निष्पक्षता, शांतिपूर्ण संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ और बेचैनी

अंदर जहां हजारों परीक्षार्थी अपने मेडिकल करियर के भविष्य की परीक्षा दे रहे थे, वहीं केंद्रों के बाहर तपती धूप में अभिभावकों की भारी भीड़ अपने बच्चों का इंतजार करती दिखी. बाहर खड़े अभिभावक अपने बच्चों की सफलता को लेकर आशान्वित नजर आये. इस दौरान इंतजार का समय काटने के लिए अभिभावकों के बीच संभावित कटऑफ, मेडिकल कॉलेजों की एडमिशन फीस, विभिन्न श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता और परीक्षा के ””अटेम्प्ट”” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती रही.

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन