गया जी : जब बीडीओ बनीं शिक्षिका: बच्चों को पढ़ाया संविधान, फिर उनके साथ बैठकर खाया मिड-डे मील

बच्चों को पढ़ाती पूजा गहलौत | Prabhat Khabar Network
सरकारी विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए खिजरसराय की बीडीओ पूजा गहलौत स्वयं शिक्षिका बनीं. उन्होंने बच्चों को संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों के बारे में रोचक ढंग से सिखाया. इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन भी किया.
सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में खिजरसराय की प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा गहलौत का अनूठा प्रयास शुक्रवार को मध्य विद्यालय सरैया में देखने को मिला. औचक निरीक्षण के दौरान वह केवल प्रशासनिक अधिकारी की भूमिका में नहीं रहीं, बल्कि करीब एक घंटे तक शिक्षिका बनकर बच्चों को पढ़ाया और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाया.
बीडीओ ने विद्यार्थियों को बेहद सरल और रोचक शैली में भारतीय संविधान, लोकतंत्र, कार्यपालिका, विधायिका, न्यायपालिका, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी. उन्होंने बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी समझ का आकलन किया तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है.
शैक्षणिक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण
कक्षा संचालन के बाद बीडीओ ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
मध्याह्न भोजन की जांच और बच्चों के साथ भोजन
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना की भी जांच की. भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता परखने के लिए वह बच्चों के साथ पंक्ति में बैठकर वही भोजन किया जो विद्यार्थियों को परोसा गया था.
प्रशासन का लक्ष्य और लोगों द्वारा सराहना
बीडीओ ने कहा कि सरकारी विद्यालय बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला हैं और प्रशासन का लक्ष्य हर विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ वातावरण तथा पौष्टिक मध्याह्न भोजन सुनिश्चित करना है. उनके इस प्रेरणादायी कदम की विद्यालय परिवार, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की.
Also Read : गया जी के शिवभक्त ने बनाई 30 फीट लंबी, डेढ़ क्विंटल वजनी कांवर, 30 बार डाक बम बनकर जा चुके हैं देवघर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










