टिकारी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: मैरेज हॉल की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, 6 युवतियों समेत 13 गिरफ्तार

Published by : PRANJAL PANDEY Updated At : 06 May 2026 8:50 PM

विज्ञापन

जिले के टिकारी शहर में एक मैरेज हॉल की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के बड़े धंधे का पुलिस और प्रशासन ने बुधवार को पर्दाफाश किया है.

विज्ञापन

टिकारी (गया). जिले के टिकारी शहर में एक मैरेज हॉल की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के बड़े धंधे का पुलिस और प्रशासन ने बुधवार को पर्दाफाश किया है. टिकारी एसडीओ प्रवीण कुंदन और डीएसपी सुशांत कुमार चंचल के नेतृत्व में की गई इस संयुक्त छापेमारी में कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मैरेज हॉल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है.

गुप्त सूचना पर बिछाया गया था जाल

प्रशासन को पिछले कुछ दिनों से टिकारी स्थित इस मैरेज हॉल में अनैतिक कार्य और संदिग्ध गतिविधियों के चलने की लगातार गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं. इसके बाद वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. बुधवार को योजनाबद्ध तरीके से जैसे ही पुलिस की टीम ने हॉल के अंदर दबिश दी, वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई.

6 युवतियों सहित संचालक और कर्मचारी गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से छह युवतियों और पांच युवकों को संदिग्ध स्थिति में हिरासत में लिया. इसके साथ ही, इस पूरे रैकेट को शह देने और हॉल उपलब्ध कराने वाले मैरेज हॉल के संचालक और उसके एक कर्मचारी को भी पुलिस ने दबोच लिया है. तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है.

सफेदपोशों तक पहुंचने के लिए खंगाले जा रहे कॉल डिटेल्स

टिकारी डीएसपी सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि हॉल में देह व्यापार चलने की पक्की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. पुलिस फिलहाल पकड़े गए सभी आरोपियों और युवतियों के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है, ताकि इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड और पर्दे के पीछे छिपे अन्य सफेदपोशों तक पहुंचा जा सके. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैरेज हॉल संचालक सहित सभी 13 आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

रिपोर्ट : विजय कुमार पांडेय

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

मूल रूप से गोपालगंज के रहनेवाले प्रांजल पांडेय के पास पत्रकारिता का 13 वर्षों का विस्तृत अनुभव है. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर से जुड़े प्रांजल, फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग के विशेषज्ञ हैं. इसके अलावा राजनीति, खेल और सिनेमा पर भी इनकी गहरी पकड़ है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन