बोधगया में RSS नेता डॉ इंद्रेश कुमार बोले : बंगाल चुनाव के नतीजे टीएमसी के अत्याचार और असंवैधानिकता का जवाब

Published by : PRANJAL PANDEY Updated At : 06 May 2026 9:44 PM

विज्ञापन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य डॉ इंद्रेश कुमार ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को लेकर सत्ताधारी टीएमसी पर तीखा हमला बोला है.

विज्ञापन

बोधगया. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य डॉ इंद्रेश कुमार ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को लेकर सत्ताधारी टीएमसी पर तीखा हमला बोला है. बुधवार को बोधगया स्थित होटल डेल्टा इंटरनेशनल में आयोजित धर्म संस्कृति संगम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल के नतीजे असंवैधानिकता, लोकतंत्र की उपेक्षा और हिंसा का करारा जवाब हैं. डॉ इंद्रेश कुमार ने अपने बेबाक अंदाज में कहा कि बंगाल की जनता ने नारी और समाज पर हो रहे अत्याचार को सिरे से नकार दिया है. उन्होंने दावा किया कि बंगाल में अन्याय के खिलाफ लोकतंत्र में जो ध्रुवीकरण हुआ है, उसी का यह आश्चर्यजनक परिणाम सामने आया है. यह बातें उन्होंने भारत सर्वधर्म समभाव की जननी विषय पर आयोजित चार दिवसीय विचार गोष्ठी के दौरान कहीं.

सनातन और बौद्ध धर्म के बीच समन्वय का प्रयास

इससे पूर्व कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन डॉ इंद्रेश कुमार, राष्ट्रीय महामंत्री राजेश लामा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ माधवी तिवारी और महाबोधि मंदिर के भिक्षु डॉ. मनोज सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए डॉ कुमार ने कहा कि आज वैचारिक मतभेदों के कारण दुनिया भर में अलगाव की स्थिति पैदा हो रही है. इस कटुता को खत्म करने के लिए ही धर्म संस्कृति संगम पिछले 12 वर्षों से सनातन और बौद्ध धर्म के बीच समन्वय स्थापित करने का निरंतर प्रयास कर रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य विभिन्न जातियों और धर्मों के बीच की दूरियों को पाटना है.

आगामी दिनों के अहम कार्यक्रम

आयोजकों ने चार दिवसीय आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 7 मई (गुरुवार) को शुकदेव पैलेस और 8 मई (शुक्रवार) को मगध विश्वविद्यालय के गणित विभाग में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी. 8 मई के मुख्य कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल के भी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने की प्रबल संभावना है. वहीं, 9 मई को महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया (श्रीलंका बौद्ध मठ) में चीवरदान और संघदान के साथ इस भव्य कार्यक्रम का समापन होगा. बुधवार के उद्घाटन सत्र का सफल संचालन अनूप केडिया ने किया. इस अवसर पर नगर पंचायत सभापति ललिता देवी, आयोजक संजय कुमार सिंह, भंते ज्ञान सागर, स्वामी विवेकानंद गिरि, डॉ शैलेंद्र कुमार, डॉ एकता वर्मा और डॉ ममता मेहरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

मूल रूप से गोपालगंज के रहनेवाले प्रांजल पांडेय के पास पत्रकारिता का 13 वर्षों का विस्तृत अनुभव है. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर से जुड़े प्रांजल, फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग के विशेषज्ञ हैं. इसके अलावा राजनीति, खेल और सिनेमा पर भी इनकी गहरी पकड़ है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन