गया जी में बिजली गुल, लोगों का हाल बेहाल, एक घंटे से भी अधिक पावर कट

सांकेतिक तस्वीर
Gaya Ji News: गया जी में दिन प्रतिदिन बढ़ती पावर कट से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शहर में प्रतिदिन औसतन 14 से 18 घंटे तक ही लोगों को बिजली का लाभ मिल पा रहा है.
Gaya Ji News: जिले में दिन प्रतिदिन बढ़ती पावर कट और बिजली की अनियमित आपूर्ति से शहर को अब तक निजात नहीं मिल सका है. उमस भरी गर्मी में भी पावर कट की समस्या से लोग जूझने के लिए मजबूर हैं. गया जी शहर के लोगों की माने तो साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की यह कारस्तानी गर्मी में काफी बढ़ जाती है. बीते करीब एक महीने से शहर के डेल्हा, पंचायती अखाड़ा, जीबी रोड, मुरारपुर, पुरानी गोदाम, चौक सहित कई अन्य क्षेत्रों के लोग इसी तरह की समस्या से जूझ रहे हैं.
पावर कट से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
बिना सूचना पावर कट होने से जहां आम लोगों की दैनिक दिनचर्या पर असर पड़ रहा है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. शहर के अधिकतर क्षेत्रों में बीते करीब एक महीने से दिन-रात मिलाकर 24 घंटे में प्रतिदिन औसतन मिलाकर छह से आठ बार पावर कट हो रही है. कभी 10 मिनट तो कभी एक घंटे से भी अधिक पावर कट हो रही है. कुल मिलाकर शहर में प्रतिदिन औसतन 14 से 18 घंटे तक ही लोगों को बिजली का लाभ मिल पा रहा है.
लोगों ने क्या कहा ?
डेल्हा पावर ग्रिड से हमेशा पावर सप्लाई में गड़बड़ी रहती है. रात में दो-दो घंटे बिजली नहीं रहती है. सालों से गर्मी में इस क्षेत्र का यही हाल रहता है. इस बार भी गर्मी शुरू होने के साथ पावर कट शुरू हो गया है. पूरे परिवार का जीना मुहाल हो गया है.
राम जगन गिरी,
सचिव- डेल्हा विकास समिति
डेल्हा में लगातार बिजली कट रही है. बिजली विभाग से पूछने पर कहा जाता है कि चंदौती ग्रिड में तकनीकी खराबी के कारण बंद है. हर बार पावर कट होने पर यही बताया जाता है.
अरुण वर्मा, धनिया बगीचा
लगातार बिजली कट हो रही है. लोग भीषण गर्मी से भी परेशान हैं और बिजली आंख मिचौली कर रही है. गर्मी शुरू होने के साथ इस क्षेत्र का हाल यही रह रहा है.
चंदन सिंह, बड़की डेल्हा- परैया रोड
डेल्हा में लगातार 20-25 दिनों से पावर शॉट डाउन के नाम पर कभी कभी चार से पांच घंटे तक बिजली नहीं रहती है. रात में भी बिजली आपूर्ति की यही व्यवस्था होने से नींद पूरी नहीं हो पाती है. इससे दैनिक कामकाज पर असर पड़ रहा है.
डॉ विश्वनाथ प्रसाद, छोटकी डेल्हा, टेकारी रोड
गया से नीरज कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










