गया में खूनी संघर्ष : जमीन विवाद में देवर ने लाठी-डंडों से पीटकर की भाभी की हत्या, 5 के खिलाफ नामजद FIR
Published by : PRANJAL PANDEY Updated At : 06 May 2026 8:21 PM
जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र स्थित बनारसी बिगहा गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक बड़ी वारदात सामने आई है. यहां एक देवर ने अपनी ही भाभी की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या कर दी.
गया. जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र स्थित बनारसी बिगहा गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक बड़ी वारदात सामने आई है. यहां एक देवर ने अपनी ही भाभी की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका की पहचान होमगार्ड के जवान भोला यादव की पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इस जघन्य हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम भी मौके पर साक्ष्य जुटा रही है.
महिलाओं की बहस में कूदा देवर, किया जानलेवा प्रहार
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि परिवार के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर घटना वाले दिन पहले घर की महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते इस बहस ने हिंसक रूप ले लिया और घर के पुरुष भी विवाद में कूद पड़े. इसी दौरान मृतका का देवर राजेंद्र यादव वहां आ धमका और उसने गुस्से में आकर पार्वती देवी पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया. सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें लगने के कारण पार्वती देवी लहूलुहान होकर अचेत हो गईं. परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए खिजरसराय अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बेटे के बयान पर 5 के खिलाफ FIR, सभी फरार
हत्या की सूचना मिलते ही खिजरसराय थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि इस हत्याकांड को लेकर मृतका के बेटे भुवन यादव के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एफआईआर में मुख्य आरोपी चाचा राजेंद्र यादव, विकास कुमार और मनीष कुमार सहित कुल पांच लोगों को नामजद किया गया है. घटना के बाद से सभी आरोपी गांव से फरार हैं. पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.
रिपोर्ट : अमिताभ रंजनप्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By PRANJAL PANDEY
मूल रूप से गोपालगंज के रहनेवाले प्रांजल पांडेय के पास पत्रकारिता का 13 वर्षों का विस्तृत अनुभव है. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर से जुड़े प्रांजल, फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग के विशेषज्ञ हैं. इसके अलावा राजनीति, खेल और सिनेमा पर भी इनकी गहरी पकड़ है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










