वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने उग्रवाद प्रभावित चेतमा पुलिस पिकेट का किया दौरा, जवानों का बढ़ाया हौसला

Published by :KumarVishwat Sen
Published at :06 May 2026 9:54 PM (IST)
विज्ञापन
Palamu News

जवानों के साथ हाथ मिलाकर हालचाल पूछते वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर. फोटो: प्रभात खबर

Palamu News: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू के उग्रवाद प्रभावित चेतमा पुलिस पिकेट का दौरा कर जवानों का हौसला बढ़ाया. सुविधाओं के विस्तार का ऐलान किया और सुदूर गांवों में सड़क निर्माण का भरोसा दिया. वन पट्टा की समस्या पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीणों में उम्मीद जगी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

पलामू से रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के पाटन प्रखंड के उग्रवाद प्रभावित इलाकों में बुधवार को राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सघन दौरा किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए चेतमा पुलिस पिकेट पहुंचकर तैनात जवानों और पदाधिकारियों से मुलाकात की. उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाया और कठिन परिस्थितियों में उनकी सेवा भावना की सराहना की.

जवानों की समस्याएं सुनीं, सुविधाओं का किया ऐलान

दौरे के दौरान वित्त मंत्री ने जवानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने कहा कि जो जवान देश की सुरक्षा के लिए कठिन हालात में तैनात हैं, उनकी सुविधा का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है. इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि चेतमा पुलिस पिकेट में विधायक निधि से 10 कूलर और एक आरओ (वाटर प्यूरीफायर) मशीन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि जवानों को राहत मिल सके.

सुदूर गांवों का किया निरीक्षण

वित्त मंत्री ने केवल पुलिस पिकेट तक ही सीमित न रहकर पाटन प्रखंड के बुढी, बुका, चेतमा और तिलैया जैसे सुदूरवर्ती गांवों का भी दौरा किया. उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं. क्षेत्र की जमीनी हकीकत को करीब से देखने के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि इन इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है.

सड़क निर्माण को लेकर दिया भरोसा

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पाया कि रोल गांव से तिलैया सीकनी होते हुए साइन बोर्ड तक और वहां से बुढी गांव तक पक्की सड़क का अभाव है. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अगले एक से दो वर्षों के भीतर इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा. उनका कहना था कि सड़क बनने से क्षेत्र का विकास होगा और लोग मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे.

वन पट्टा की समस्या पर त्वरित कार्रवाई

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने दशकों से निवास के बावजूद वन अधिकार पट्टा नहीं मिलने की शिकायत की. इस पर वित्त मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके से ही पलामू के डीएफओ से फोन पर बातचीत की. उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित क्षेत्र में सर्वे कर पात्र ग्रामीणों को जल्द से जल्द वन पट्टा उपलब्ध कराया जाए.

ग्रामीणों में जागी उम्मीद

वित्त मंत्री के इस दौरे से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है. लंबे समय से उपेक्षित इन इलाकों में पहली बार किसी मंत्री ने पहुंचकर समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिया. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सरकार के इन वादों पर जल्द अमल होगा.

इसे भी पढ़ें: तन्नु कुमारी ने बुढ़मू का नाम किया रोशन, बिना ट्यूशन के इंटर साइंस में लहराया परचम

स्थानीय जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद

इस दौरान कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद रहे. इनमें अरुण कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, धनु यादव, राजू पासवान, विशु, अजीत वर्मा, जवाहर उरांव, यार मोहम्मद, पच्चु राम, भरत पासवान, राजेंद्र साव और सुनील बैगा सहित अन्य लोग शामिल थे. सभी ने मंत्री के दौरे को सकारात्मक कदम बताया और क्षेत्र के विकास की उम्मीद जताई.

इसे भी पढ़ें: बड़ा जामदा की निहारिका कुमारी रजक बनीं आर्ट्स टॉपर, संघर्ष से लिखी सफलता की मिसाल

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola