गया-डीडीयू रेलखंड पर आरपीएफ का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को रेल सुरक्षा नियमों की दी जानकारी

लोगों को जागरूक करते आरपीएफ इंस्पेक्टर | Prabhat Khabar Network
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गया-डीडीयू रेलखंड के समीप गुरारू में एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया. इसका उद्देश्य ग्रामीणों और यात्रियों को रेल सुरक्षा नियमों, यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 139 के बारे में जागरूक करना था.
गया जी-डीडीयू रेलखंड के समीप स्थित गुरारू थाना के शंकर बिगहा, परैया थाना क्षेत्र के प्रभुआ और कष्ठा के पास शेरपुर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया.
यह अभियान आरपीएफ इंस्पेक्टर राज सुमेर के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य रेल सुरक्षा, यात्रियों की जान-माल की हिफाज़त और रेल नियमों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना था. आरपीएफ अधिकारियों ने ग्रामीणों और पास से गुजरने वाले यात्रियों को बैनर व पोस्टर के माध्यम से रेलवे के महत्वपूर्ण नियमों के बारे में विस्तार से समझाया.
ज्वलनशील पदार्थों से बचें, हेल्पलाइन नंबर 139 का करें उपयोग
अभियान के दौरान यात्रियों से अपील की गई कि वे पटाखे, विस्फोटक या अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करें. आपात स्थिति में सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने की सलाह दी गई.
अधिकारियों ने चेताया कि ट्रेन के पायदान (फुटबोर्ड) पर यात्रा करना दंडनीय अपराध है. इसके उल्लंघन पर 500 रुपये जुर्माना, 3 महीने की सजा या दोनों का प्रावधान है. इसके अलावा, बिना किसी ठोस वजह के ट्रेन की चेन खींचने से रेल यातायात बाधित होता है, जिससे अन्य यात्रियों, मरीजों और परीक्षार्थियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसा करना कानूनी रूप से अपराध है.
जीवन अनमोल है, सुरक्षा का रखें ध्यान: इंस्पेक्टर राज सुमेर
इस दौरान आरपीएफ जवानों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि आप सभी का जीवन अनमोल है, इसे खतरे में न डालें.
आरपीएफ इंस्पेक्टर राज सुमेर ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे रेल पटरियों को पार करते समय पूरी सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या हेल्पलाइन नंबर पर दें.
जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आरपीएफ के अन्य अधिकारी प्रमोद कुमार, दिनेश कुमार, राजन पांडे एवं अन्य जवान भी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










