Gaya News : हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय

Updated at : 26 Feb 2025 11:23 PM (IST)
विज्ञापन
Gaya News : हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय

Gaya News : शहर सहित पूरे जिले में महाशिवरात्रि श्रद्धा व भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया. जिले के अधिकतर शिव मंदिरों में पूरे दिन पूजा अर्चना को लेकर बाबा भोलेनाथ के भक्तों की कतार लगती रही.

विज्ञापन

गया. शहर सहित पूरे जिले में महाशिवरात्रि श्रद्धा व भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया. जिले के अधिकतर शिव मंदिरों में पूरे दिन पूजा अर्चना को लेकर बाबा भोलेनाथ के भक्तों की कतार लगती रही. सुबह से देर रात तक हर हर महादेव के जयकारे से शिवालय व शहर गुंजायमान होता रहा. रामशिला स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर, स्फटिक शिव मंदिर, मार्कंडेय शिव मंदिर, वृद्ध परमपिता महेश्वर महादेव मंदिर, आदि पिता महेश्वर महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर, चाणक्यपुरी कॉलोनी स्थित महादेव मंदिर व शहर के सभी शिव मंदिरों व देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के निमित्त सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जो शुरू हुआ वह देर रात तक जारी रहा. वहीं राजेंद्र आश्रम स्थित माता पार्वती मंदिर, कोयरीबारी स्थित मां दुर्गा मंदिर व अन्य सभी देवी मंदिरों व देवालयों में भी पूजा अर्चना का निमित्त पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही होती रही. अधिकतर मंदिरों के आसपास भी भव्य व आकर्षक तोरण द्वार बनाया गया है.

पातालेश्वर महादेव मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने की पूजा

शहर के उत्तरी क्षेत्र स्थित रामशिला पहाड़ की चोटी पर स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर व निचली सतह पर स्थित स्फटिक महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर बुधवार को आस्था का मेला लगा रहा. सुबह से लेकर देर शाम तक करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने पूजा की. सोमवारिया शिव शृंगार समिति के अध्यक्ष मिलिंद पुरी ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव का विशेष शृंगार के साथ पूजन व महाआरती की गयी. समिति के अध्यक्ष मिलिंद पुरी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पातालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा की.

मार्कंडेय महादेव सहित अन्य शिवालयों में भी उमड़े श्रद्धालु

महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के दक्षिणी क्षेत्र स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर, वृद्ध परमपिता महेश्वर महादेव मंदिर, आदि पिता महेश्वर महादेव मंदिर, महादेव घाट स्थित महादेव मंदिर सहित शहर के प्रायः सभी शिवालयों में व देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की पूरे दिन आवाजाही होती रही. इन मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव, माता पार्वती सहित मंदिर में स्थापित अन्य देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर अपने व परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की.

बसहा बैल, भूत-पिशाच संग भोलेनाथ की निकली बारात

महाशिवरात्रि पर शहर के शिव मंदिरों से बसहा-बैल-भूत-बेताल संग बैंड-बाजे के साथ भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली गयी. महादेव घाट स्थित शिव मंदिर, पिता महेश्वर स्थित शिव मंदिर मार्कण्डेय महादेव मंदिर, श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर सहित शहर व जिले के कई अन्य शिव मंदिरों से भगवान भोले शंकर की बैड-बाजे के साथ बारात निकाली गयी. बैंड पार्टी द्वारा बजाय जा रहे भक्ति गीतों की धुन पर बाराती में शामिल लोग के साथ शहर भी थिरक रहा था. जगह-जगह भगवान शिव की बारात पर फूलों की वर्षा भी श्रद्धालुओं द्वारा की जा रही थी. इधर, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह बरातियों का स्वागत पानी, शरबत, फल व मिठाई देकर स्वागत किया जा रहा था.

… और एक बार फिर गौरा के हुए शिव

महाशिवरात्रि के अवसर पर महादेव घाट शिव मंदिर, आदि पिता महेश्वर महादेव मंदिर, गौरी शंकर महादेव मंदिर सहित शहर के कई अन्य शिवालयों से बुधवार को शाम में बैंड बाजे के साथ भगवान शिव की निकाली गयी बारात में देवी देवताओं, भूत पिशाच, नंदी सहित शहर के काफी लोग बाराती बने. महादेव घाट शिव मंदिर से निकाली गयी बारात राजेंद्र आश्रम स्थित माता पार्वती मंदिर, गौरी शंकर महादेव मंदिर से निकाली गयी बारात कोयरीबारी स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंची जहां हिंदू रीति रिवाज व पूरे विधि विधान के साथ भगवान शिव पार्वती का विवाह संपन्न हुआ. राजेंद्र आश्रम स्थित पार्वती मंदिर में विवाह से पहल घृतढारी की रस्म भी पूरी की गयी. मंत्रोच्चारण के बीच एक बार फिर भगवान शिव गौरी के हो गये. विवाह संपन्न होने के बाद शिवालयों व देवी मंदिरों में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया. जानकारी के अनुसार वृद्ध परमपिता महेश्वर महादेव मंदिर प्रबंधन समिति से जुड़े एक सदस्य के निधन हो जाने से इस बार महाशिवरात्रि पर भगवान भोले शंकर की बारात नहीं निकालने का निर्णय लिया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन