रामगढ़ में अमन साहू गैंग का तांडव, पतरातू ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर फायरिंग और बमबाजी, गार्ड को लगी गोली
Published by : Sameer Oraon Updated At : 29 Mar 2026 9:59 PM
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
Ramgarh Crime News: रामगढ़ के रेलवे ओवरब्रिज बना रही कंपनी के स्टोर पर अपराधियों ने खूनी हमला बोल दिया. गेट खोलते ही गार्ड प्रदीप राजवंशी पर अंधाधुंध फायरिंग की गई और दहशत फैलाने के लिए बम भी फेंके गये. मौके पर एक पर्चा भी बरामद हुआ है.
Ramgarh Crime News, रामगढ़ (अजय कुमार की रिपोर्ट): रामगढ़ जिले के पतरातू में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर, रविवार देर शाम अपराधियों ने गोलीबारी और बमबाजी कर सनसनी फैला दी. यह वारदात निर्माण कंपनी के स्टोर के पास हुई, जहां तैनात गार्ड प्रदीप राजवंशी को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया और उसे गोली मार दी.
गेट खोलते ही गार्ड पर ताबड़तोड़ फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी निर्माण स्थल के गेट पर पहुंचे और हॉर्न बजाया. जैसे ही गार्ड प्रदीप ने गेट खोला, अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग के बाद मौके पर बम भी फेंका गया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे.
नाभि के नीचे लगी गोली, रांची रेफर
गोलीबारी में घायल गार्ड प्रदीप राजवंशी को नाभि के नीचे गंभीर चोट आई है. घटना के तुरंत बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स भेजा गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह और थाना प्रभारी एसके गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके से चार खोखा और बम के अवशेष बरामद किए हैं.
पर्चा छोड़कर दी धमकी, गैंग का नाम आया सामने
अपराधियों ने मौके पर एक पर्चा भी छोड़ा है, जिसमें “हर-हर महादेव” लिखते हुए कड़ी चेतावनी दी गई है. पर्चे में साफ तौर पर लिखा गया है कि, बिना राहुल गैंग और अमन साहू गैंग को ‘मैनेज’ किये काम जारी रखने पर गंभीर अंजाम भुगतना होगा.
पुलिस जांच में जुटी, छापेमारी जारी
घायल गार्ड स्थानीय पतरातू रेलवे गेट के पास का ही रहने वाला बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










