रामगढ़ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: राहुल दुबे गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी योजना
प्रेस वार्ता करते रामगढ़ एसपी
Ramgarh Crime News: रामगढ़ पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर जिले में एक बड़ी वारदात को टाल दिया है. पतरातु के हेसला में चली विशेष चेकिंग के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से देशी पिस्टल और लोडेड कारबाइन बरामद की है. गिरफ्तार अपराधियों ने हाल ही में ओसम डेयरी प्लांट पर हुई गोलीबारी में भी अपनी भूमिका स्वीकार की है.
Ramgarh Crime News, रामगढ़ (भागीरथ महतो की रिपोर्ट): रामगढ़ जिले में संगठित अपराध और सक्रिय गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सोमवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसपी अजय कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि पुलिस को पतरातु थाना क्षेत्र के हेसला गांव में राहुल दुबे गैंग के सदस्यों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक सह एसडीपीओ पतरातु, गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया और पूरे इलाके में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया गया.
आपके शहर में
बाइक सवार दो अपराधी चढ़े हत्थे
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने हेसला स्थित टाइप-टू काली मंदिर मैदान के पास एक संदिग्ध बाइक (संख्या जेएच 02एबी 5319) को रुकने का इशारा किया. बाइक पर सवार दो युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया. पकड़े गए युवकों की पहचान 19 वर्षीय करण करमाली और 23 वर्षीय शिवम मिश्रा उर्फ शिवम आनंद के रूप में हुई है. दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए हथियार के साथ निकले थे.
पिस्टल और कारबाइन जैसे घातक हथियार बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार मिले. करण करमाली की कमर से 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं. वहीं, बाइक पर टंगे बैग की जांच करने पर पुलिस के भी होश उड़ गए, जब उसमें से 9 एमएम का लोडेड देशी कारबाइन और दो जिंदा गोलियां बरामद हुईं. इन घातक हथियारों की मिलना यह स्पष्ट करती है कि अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.
डेयरी प्लांट फायरिंग कांड का हुआ खुलासा
कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे 4 अप्रैल को पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई फायरिंग की घटना में भी सीधे तौर पर शामिल थे. पुलिस ने इस संबंध में पतरातु थाना कांड संख्या 91/26 दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. एसपी अजय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी अपराधी या गिरोह को पनपने नहीं दिया जाएगा और उनके खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
Also Read: झारखंडी लोक कला का गौरव बढ़ा: गायक डॉ लक्ष्मीकांत नारायण बड़ाईक को ‘गुरु रत्न सम्मान’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए