गयाजी में खाद की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन: अधिक दाम पर यूरिया बेचने में 3 दुकानों का लाइसेंस सस्पेंड, अब तक 12 पर गिरी गाज

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 03 Jun 2026 5:05 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Gaya Ji News: गयाजी जिले में खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही उर्वरक (खाद) की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. किसानों से मिल रही शिकायतों के बाद जिला कृषि पदाधिकारी ने अधिक मूल्य पर यूरिया और अन्य खाद बेचने के आरोप में तीन नामचीन दुकानों का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

विज्ञापन

Gaya Ji News: (गयाजी कार्यालय से रोशन कुमार की रिपोर्ट):
गयाजी जिले में खरीफ मौसम प्रारम्भ होने के साथ ही किसानों द्वारा लगातार यूरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण उर्वरकों की मांग काफी बढ़ गई है. किसानों को बिना किसी परेशानी के सुगमतापूर्वक उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिले में उपलब्ध सभी उर्वरक प्रतिष्ठानों का नियमित रूप से फिजिकल वेरिफिकेशन (जांच) कराया जा रहा है. जिला कृषि पदाधिकारी ने सख्त लहजे में बताया कि पूरे जिले में उर्वरक वितरण पर पैनी और सख्त निगरानी रखी जा रही है. इस वितरण कार्य में जो भी विक्रेता दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

अधिक मूल्य वसूलने पर इन 3 बड़ी दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों का जिला स्तर पर गठित टीम द्वारा त्वरित निष्पादन कराया जा रहा है. इसी क्रम में निर्धारित सरकारी दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री करने के आरोप में विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेसर्स किशोरी इन्टरप्राईजेज (टिकारी), मेसर्स किसान बीज भंडार (नगर) और मेसर्स सोना ट्रेडर्स (परैया) की उर्वरक अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

विगत छह माह में कुल 12 प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज, पीओएस मशीनें जब्त

कृषि अधिकारी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विगत छह महीनों में उर्वरक के सिवाय अन्य अनधिकृत व्यापार में लिप्त रहने और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को भी चिन्हित कर उन पर बड़ी कार्रवाई की गई है. इस अवधि में कुल 12 प्रतिष्ठानों की पीओएस (POS) मशीन को जब्त करते हुए उनकी उर्वरक अनुज्ञप्ति को पूरी तरह रद्द किया गया है.

कार्रवाई की जद में आए इन दुकानदारों में बेलागंज स्थित राज किशोर कुमार का पासवान खाद भंडार, बेलागंज स्थित मधुकर आनन्द का बालाजी कृषि केन्द्र, बोधगया स्थित सत्यदेव प्रकाश का श्री सत्या ट्रेडर्स, डोभी स्थित हामिद रजा का मां इन्टरप्राईजेज, खिजरसराय स्थित अजीत कुमार का अजीत ट्रेडर्स, टनकुप्पा स्थित राधेकांत केशरी का कमलेश खाद भंडार, इमामगंज स्थित संतोष कुमार का संतोष इन्टरप्राईजेज, गुरारू स्थित अंकित राज का अंकित राज केंद्र, बांकेबाजार स्थित प्रतिमा कुमारी का बाँकेबाजार महिला विकास प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, इमामगंज स्थित शैलेन्द्र कुमार राय का राय ट्रेडर्स, मोहनपुर स्थित मनोज कुमार का कौशल्या इन्टरप्राईजेज और फतेहपुर में अनुज कुमार वर्मा का हरिहर ट्रेडर्स शामिल हैं, जिनका लाइसेंस निलंबित किया गया है.

किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

जिला कृषि पदाधिकारी ने साफ तौर पर कहा है कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जिले के सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार छापेमारी करें ताकि खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके.

Also Read: मस्ती का खेल बना मातम: तालाब में पलटा ठेला, 9 साल के मासूम की डूबने से मौत

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन