गया में शादी के कुछ घंटे बाद दुल्हन फरार, फर्जी परिवार बनकर रची गई साजिश! मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस

शादी की तस्वीर
Gaya Ji News : गया के बेलागंज में राजस्थान के युवक की शादी के कुछ घंटे बाद दुल्हन कथित परिजनों के साथ फरार हो गई. पुलिस इसे सुनियोजित ठगी मानकर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है.
बेलागंज से अजीत कुमार की रिपोर्ट :
Gaya Ji News : गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में हुई कथित फर्जी शादी का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. राजस्थान से आए एक युवक की शादी धूमधाम से कराई गई, लेकिन सात फेरे लेने के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन अपने कथित परिजनों के साथ फरार हो गई. पीड़ित पक्ष ने इसे सुनियोजित ठगी बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
राजस्थान से आया दूल्हा, रस्में पूरी होने के बाद गायब हुई दुल्हन
जानकारी के अनुसार, राजस्थान निवासी संजय पटवा की शादी दरियापुर गांव स्थित श्रीकांत पासवान के घर में कराई गई थी. विवाह की सभी रस्में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पूरी हुईं. शादी संपन्न होने के कुछ ही समय बाद दुल्हन अचानक लापता हो गई. उसके साथ मौजूद कथित परिजन भी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.
जांच में सामने आई फर्जी परिवार की कहानी
पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. बताया जा रहा है कि चांदी राय नामक व्यक्ति ने खुद को युवती का भाई बताकर शादी की पूरी व्यवस्था कराई थी. वहीं उसके साथ मौजूद एक दंपति ने युवती के माता-पिता बनकर समारोह में हिस्सा लिया. शादी के दौरान किसी को भी युवती की वास्तविक पहचान पर संदेह नहीं हुआ.
दुल्हन की असली पहचान अब तक नहीं आई सामने
मामले की सबसे बड़ी बात यह है कि अब तक युवती की वास्तविक पहचान और उसका पता-ठिकाना सामने नहीं आ सका है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और फरार लोगों की तलाश की जा रही है.
मास्टरमाइंड की तलाश में लगातार छापेमारी
एसएचओ थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में बेलागंज थाना कांड संख्या 355/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. फरार मास्टरमाइंड चांदी राय की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो सकेगा.
Also Read: गया जी: रातभर चली शादी की रस्में, विदाई से पहले नकदी-जेवर ले फरार हुई दुल्हन, जानें फिर क्या हुआ?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










