गया जी : धनबाद-बंधुआ रेलखंड का डीआरएम ने किया निरीक्षण, बोले- यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, विकास कार्यों में लाएं तेजी

Updated:
विज्ञापन
 विंडो निरीक्षण के दौरान डीआरएम व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

विंडो निरीक्षण के दौरान डीआरएम व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्र ने धनबाद-बंधुआ रेलखंड का निरीक्षण कर रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार और विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए.

विज्ञापन

धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्र ने शुक्रवार को धनबाद-बंधुआ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्था और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के अंदर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये.

स्टेशन परिसरों के आधुनिकीकरण

डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान रेलखंड में सिग्नलिंग व्यवस्था, पुल-पुलियों की स्थिति, ट्रैक सुरक्षा, संरक्षा व सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया. उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके साथ ही स्टेशन परिसरों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य भी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाना चाहिए.

निरीक्षण के क्रम में डीआरएम अखिलेश मिश्र निमियाघाट और पारसनाथ स्टेशन के मध्य स्थित लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) पहुंचे. जहां उन्होंने निर्माण एवं रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.

स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर रखें विशेष ध्यान

डीआरएम ने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, फुट ओवर ब्रिज और प्रगति पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने पर विशेष जोर दिया, ताकि यात्रियों को शीघ्र बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके.

निरीक्षण के दौरान डीआरएम गझंडी स्टेशन भी पहुंचे, जहां उन्होंने पैनल रूम, रिले रूम तथा अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों से नियमित निरीक्षण और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा, ताकि रेल संचालन पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध बना रहे.

निरीक्षण के दौरान मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे. डीआरएम ने योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की. रेलवे प्रशासन ने विश्वास जताया कि इन कार्यों के पूरा होने से यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय


विज्ञापन
Rohit Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Rohit Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन