समधन पर हमले से भड़के जीतन राम मांझी, पुलिस को दिया अल्टिमेटम, कहा- नहीं तो करेंगे आंदोलन
Published by : kumarsuryakant Updated At : 18 May 2026 7:09 PM
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी
Gaya News: बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर 17 मई 2026 को हुए हमले को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गया में नाराजगी जताई. उन्होंने गया पुलिस और मोहनपुर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए लापरवाही का दावा किया. मांझी ने कहा कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा आंदोलन करेगी.
Gaya News(संजीव कुमार सिन्हा): बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर 17 मई 2026 को हुए हमले को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गया में नाराजगी जताई. मीडिया से बातचीत में मांझी ने विधायक ज्योति मांझी हुए हमले को लेकर गया पुलिस और मोहनपुर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि यदि सात से आठ दिनों के भीतर थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं हुई और हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
मांझी ने कहा कि विधायक ज्योति मांझी पर यह पहला हमला नहीं है, इससे पहले भी कई बार उन पर हमले हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक गंभीर नहीं दिख रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि अगर मोहनपुर थाना की पुलिस स्कॉर्ट में रहती तो यह घटना नहीं होती. केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि थाना प्रभारी ने सुरक्षा देने से यह कहकर मना कर दिया था कि गाड़ी में तेल नहीं है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब घटना हुई और पुलिस मौके पर पहुंची, तब गाड़ी में तेल कहां से आ गया?
मांझी का आरोप, जानबूझकर अपराधियों को बचाया जा रहा
उन्होंने कहा कि घटना के दौरान ही अपराधियों को पकड़ा जा सकता था, क्योंकि पुलिस दोनों तरफ से पहुंची थी, बावजूद इसके हमलावर फरार हो गए. मांझी ने आरोप लगाया कि जानबूझकर अपराधियों को बचाया जा रहा है. जीतन राम मांझी ने यह भी कहा कि विधायक ज्योति मांझी महादलित समाज से आती हैं और इसी कारण उनके खिलाफ साजिश की जा रही है. उन्होंने मोहनपुर थाना प्रभारी पर जानबूझकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया.
तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के कार्यकर्ता डीएम और एसएसपी आवास का घेराव करेंगे.
Also Read: चार वर्षीय बच्चे के अपहरण से सनसनी, आईजी की निगरानी में जांच तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










