Gumla: सिसई में चोरी की घटना से त्रस्त ग्रामीणों ने थाना घेरा, चोरों का सेंदरा करने की चेतावनी
Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 18 May 2026 10:02 PM
सिसई थाने का घेराव AI Image
Gumla: गुमला के सिसई में बढ़ती चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने थाना का घेराव किया और चोरों के खिलाफ सेंदरा चलाने की चेतावनी दी. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
Gumla: गुमला जिला के सिसई थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से आम जनता दहशत में है. घर व दुकानों से और मवेशियों की चोरी अब क्षेत्र में आम बात बन गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. पुलिस कार्रवाई प्रभावी नहीं होने के कारण दर्जनों मामले थाने तक नहीं पहुंचे. लोगों में भय का माहौल है कि कब किसकी गाढ़ी कमाई चोरी हो जाये और परिवार रातोंरात कंगाल बन जाये. कुछ इसी तरह का मामला थाना क्षेत्र के पोटरो गांव में देखने को मिला है. जहां के निवासी बालेश्वर साहू के घर को दो महीने के भीतर चार बार निशाना बनाया गया.
10 लाख से अधिक की चोरी
चोर घर का लगभग पूरा सामान समेट ले गये. पीड़ित परिवार के पास अब केवल कुछ कपड़े ही बचे हैं. बताया जा रहा है कि चोरी की घटनाओं में परिवार को करीब 10 लाख रुपये से भी अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है. लगातार चोरी और आर्थिक तंगी से टूट चुका परिवार अब गांव छोड़कर पलायन की तैयारी में जुट गया है. घटना से पूरे गांव में दु:ख और आक्रोश है. इसी को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने सिसई थाना का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी. ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गये हैं.
एक चोर को पकड़कर ग्रामिणों ने पुलिस को सौंपा था
ग्रामीणों ने बताया कि 21 मार्च को चोरी की घटना के दौरान एक आरोपी को ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रंगे हाथ पकड़ा था और पुलिस के हवाले किया था. पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताये थे, लेकिन उन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. वहीं गिरफ्तार आरोपी को सप्ताह-दस दिन के भीतर ही न्यायालय से जमानत भी मिल गयी. इससे ग्रामीणों में न्याय व्यवस्था को लेकर भी निराशा बढ़ी है. ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार आसानी से जमानत मिलने के कारण अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो गया है.
एक ही परिवार को बार-बार बनाया निशाना
यही वजह है कि किसी के मवेशी उठा लिए जा रहे हैं तो किसी के घर में घुसकर चोरी कर लिया जा रहा है. एक ही परिवार को लगातार निशाना बनाया जाना चोरों की हिम्मत को दर्शाता है. ग्रामीणों ने कहा कि कानून की नजर में चोरी भले छोटा अपराध हो, लेकिन जिसकी जीवनभर की कमाई लुट जाती है, वह वर्षों तक उस सदमे से उबर नहीं पाता. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अपराधियो को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गयी तो क्षेत्र में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं. वहीं पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और उसे न्याय की उम्मीद भी टूटती नजर आ रही है. ग्रामीण चोरों का सेंदरा करने का मन बना लिए हैं.
ये भी पढ़ें…
खेल नगरी गुमला में स्थापना दिवस का जश्न: DC दिलेश्वर महतो संग ‘रन फॉर गुमला’ में दौड़े सैकड़ों युवा
43 वर्ष का हुआ गुमला जिला: नक्सल खत्म, लेकिन भ्रष्टाचार विकास में बाधक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










