जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ मौसीबाड़ी पहुंचे भगवान

Updated:
विज्ञापन

उर्मी में भगवान के दर्शन को लगी कतार | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गुमला के उर्मी और करौंदी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई. मौसीबाड़ी पहुंचे भगवान, मेले में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, गुमला

विज्ञापन

गुमला शहर से सटे उर्मी और करौंदी में आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गयी. सुबह से ही मंदिर परिसर और मेला स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना के बाद रथयात्रा शुरू हुई. जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान का रथ खींचते हुए मौसीबाड़ी तक पहुंचाया. रथयात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा. रथयात्रा के साथ लगे मेले में सुबह से देर शाम तक लोगों की भारी भीड़ रही.

श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ मेले का भरपूर आनंद उठाया. बच्चों के लिए डांसिंग झूला, बिजली झूला, गोलचकरी समेत कई आकर्षक झूले लगाये गये थे, जिनका बच्चों ने लुत्फ उठाया. वहीं नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया. मेले में मिठाइयों की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ रही. खासकर प्रसिद्ध बालूशाही 120 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिकी.

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

रथयात्रा और मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. करौंदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गयी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी. इधर, गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक विशेष स्टॉल लगाकर लोगों को गौ संरक्षण का संकल्प दिलाया गया. अभियान के दौरान गौ रक्षा के महत्व की जानकारी दी गयी और हस्ताक्षर अभियान चला कर लोगों को जागरूक किया गया. मौके पर जय प्रकाश ओहदार, ब्रिज किशोर गोप, मयंक केशरी, आलोक कुमार, दीपक कुमार, प्रवीण गुप्ता, अमन कुमार, विकास केसरी आदि उपस्थित थे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola