दलाई लामा ने महाबोधि मंदिर में लगाया ध्यान

Updated at :30 Dec 2016 7:55 AM
विज्ञापन
दलाई लामा ने महाबोधि मंदिर में लगाया ध्यान

बोधगया: बौद्धों के शीर्ष धर्मगुरु दलाई लामा ने गुरुवार को महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की व करीब 40 मिनट तक ध्यान लगाया. धर्मगुरु सुबह करीब पौने नौ बजे महाबोधि मंदिर पहुंचे व गर्भ गृह में बुद्ध मूर्ति को चीवर अर्पित कर दंडवत प्रणाम किया. उन्होंने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की और इसके बाद मंदिर के […]

विज्ञापन
बोधगया: बौद्धों के शीर्ष धर्मगुरु दलाई लामा ने गुरुवार को महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की व करीब 40 मिनट तक ध्यान लगाया. धर्मगुरु सुबह करीब पौने नौ बजे महाबोधि मंदिर पहुंचे व गर्भ गृह में बुद्ध मूर्ति को चीवर अर्पित कर दंडवत प्रणाम किया.

उन्होंने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की और इसके बाद मंदिर के पश्चिमी हिस्से में स्थित बोधिवृक्ष को नमन किया. महाबोधि मंदिर के पुजारी व भिक्षुओं के सहारे मंदिर परिसर में चलते हुए दलाई लामा बोधिवृक्ष की छांव में कुछ पल के लिए ठहरे व मंदिर के पश्चिमी गेट से बाहर निकल गये. इस दौरान उन्होंने सीढ़ियां चढ़ते वक्त दो मर्तबा महाबोधि मंदिर व बोधिवृक्ष को अपलक निहारा. उन्होंने उनके स्वागत में व प्रार्थना सभा में बैठे बौद्ध लामाओं को हाथ हिला कर आशीर्वाद दिया व चीर परिचित अंदाज में मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गये.

दलाई लामा के महाबोधि मंदिर आने के काफी देर पहले से ही मंदिर परिसर को विशेष सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा घेरे में ले लिया गया था व दलाई लामा के साथ कमांडो दस्ता के साथ ही डीआइजी सौरभ कुमार, डीएम कुमार रवि, एसएसपी गरिमा मलिक, सिटी एसपी अवकाश कुमार सहित डीएसपी रैंक के कई पदाधिकारी मौजूद थे.

मंदिर पहुंचने पर दलाई लामा का स्वागत डीएम के साथ ही बीटीएमसी के सचिव एन दोरजे, सदस्य डॉ अरविंद कुमार सिंह, मुख्य पुजारी भिक्खु चालिंदा, भिक्खु मनोज व अन्य ने किया. दलाई लामा के मंदिर परिसर में मौजूद रहने के दौरान अन्य किसी भी श्रद्धालु व पर्यटक के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी थी व पहले से मौजूद कुछ श्रद्धालुओं को उनके स्थानों पर स्थिर कर दिया गया था. करीब एक घंटे तक महाबोधि मंदिर में व्यतीत करने के बाद दलाई लामा को वापस उनके प्रवास स्थल तिब्बत मोनास्टरी पहुंचाया गया. महाबोधि मंदिर से तिब्बत मोनास्टरी तक सुरक्षा कर्मचारी तैनात किये गये थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन