गया:जीआरपी ने शुक्रवार को बागेश्वरी गुमटी के पास खड़ी धनबाद-डेहरी इंटरसिटी एक्सप्रेस में छापेमारी कर 50 बोतल विदेशी शराब व छह पाउच देशी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया. रेल थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि सूचना मिली कि धनबाद-डेहरी इंटरसिटी एक्सप्रेस से दो युवक शराब ला रहे हैं.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त ट्रेन में छापेमारी की. इस दौरान सीट के नीचे व शौचालय के गेट के पास छिपाया गया शराब से भरा बैग बरामद कर लिया गया. साथ ही दो युवकों को गिरफ्तार भी कर लिया गया. रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक गुरारू के शंकर मंदिर के पास का रहनेवाला अरुण चौधरी व मसौढ़ी के बोधिबिगहा गांव का अरुण कुमार है. दोनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया है. पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक झारखंड से शराब लाकर गुरारू में बेचने के फिराक में थे. फिलहाल, दोनों को जेल भेज दिया गया है.
मानपुर > > शराब के नशे में दो युवक पकड़ाये
गया-रजौली मेन रोड पर गुरुवार की देर रात मुफस्सिल थाने की पुलिस ने गश्ती के दौरान स्काॅर्पियो में बैठे दो युवकों को रोक लिया. दोनों ने शराब पी रखी थी. जांच-पड़ताल में उनकी गाड़ी से एक लीटर महुआ शराब बरामद की गयी. थानाध्यक्ष सोना प्रासाद सिंह ने बताया कि दोनों युवकों की मेडिकल जांच करायी गयी. उनकी पहचान टनकुप्पा थाना क्षेत्र के जीवनबिगहा गांव निवासी पंकज कुमार उर्फ मल्लू व पंकज कुमार के रूप में की गयी है. दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी. कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया.
गुरुआ > > अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
गुरुआ थाना क्षेत्र के चांसी गांव के पास से अवैध चार लीटर देशी शराब के साथ विनय भुइयां को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया. थानाध्यक्ष प्रदीप किशोर सिन्हा ने बताया कि अवैध शराब को लेकर प्रशासन बहुत शख्त है.
बांकेबाजार > > शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी कर शराब के साथ एक कारोबारी को पकड़ कर जेल भेज दिया. बांकेबाजार थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि सिंधपुर गांव के विनोद चौधरी के घर छापेमारी कर 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गयी है. इधर, रक्सी व उत्तरी नावाडीह गांव से गुरुवार को जीविका की महिलाओं द्वारा बरामद की गयी शराब के मामले मे पांच धंधेबाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी.
इमामगंज > > शराब के धंधेबाज को भेजा जेल
इमामगंज थाना क्षेत्र के परसिया गांव से शराब ले जा रहे एक धंधेबाज को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. थानाध्यक्ष अर्जुन प्रसाद ने बताया कि कुनकराई गांव के रहनेवाले दुलारे भुईया को चार लीटर देशी शराब के साथ परसिया गांव से गिरफ्तार किया गया है. धंधेबाज को थाना लाकर पूछताछ के बाद शेरघाटी कोर्ट में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया.
शेरघाटी > > शराब के साथ तीन लोग धराये
पुलिस ने शेरघाटी–चेरकी मार्ग से शुक्रवार को अंगरेजी शराब की 76 बोतलों के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया. कारोबारी शराब पड़ोसी राज्य झारखंड से लेकर आ रहा था. थानध्यक्ष सुजय विधार्थी ने बताया कि पुलिस की पकड़ में आया कारोबारी रामनिवास सिंह शेरघाटी के कमात गांव का रहनेवाला है. इधर, आमस पुलिस ने हमजापुर से दो लोगों को चार लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया.आमस के थानेदार साजिद हुसैन ने बताया कि दोनों आरोपित को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया है.