गया : कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण माहौल में इंटर परीक्षा को संपन्न कराने को लेकर डीएम अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में गया कॉलेज के मुंशी प्रेमचंद सभागार में अधिकारियों व केंद्राधीक्षकों की बैठक हुई. इसमें डीएम ने कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर द्वारा जारी गाइडलाइन को बारीकी से अध्ययन कर लें.
किसी भी बिंदु पर लापरवाही नहीं हो. कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षा कराने को लेकर प्रशासन कटिबद्ध है. परीक्षा केंद्रों पर तैनात सिर्फ केंद्राधीक्षक को ही मोबाइल फोन रखने की अनुमति दी गयी है. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी कर रहे वीक्षक सहित किसी भी कर्मचारी के पास मोबाइल फोन व किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं होगा. इससे संबंधित सभी कर्मचारी अपना-अपना शपथ पत्र केंद्राधीक्षक को देंगे.
एक भी परीक्षार्थी जमीन पर बैठ कर परीक्षा नहीं देंगे : डीएम ने केंद्राधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर एक भी परीक्षार्थी जमीन पर बैठ कर परीक्षा नहीं देंगे. बेंच की कमी है, तो संबंधित अधिकारी आपस में समन्वय बना कर उसकी कमी को दूर कर लें. परीक्षा 16 फरवरी तक चलेगी. किसी भी दिन लापरवाही नहीं हो. ऐसा देखा जाता है कि पहले दो-तीन दिन व्यवस्था दुरुस्त रहती है, लेकिन धीरे-धीरे व्यवस्था लुंज-पूंज होते जाती है.
अगर ऐसी जानकारी लगी तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को पांच फरवरी को अपने-अपने परीक्षा केंद्र का भ्रमण कर लेने तथा वहां उपलब्ध संसाधनों का भी मुआयना कर लेने का निर्देश दिया. उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि प्रत्येक बेंच पर दो से अधिक परीक्षार्थी को नहीं बैठाया जाये.
अगर कहीं अतिरिक्त संसाधन की जरूरत है तो जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करें. उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी लगाया जाना अनिवार्य है. जिस स्थल पर फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गयी है, वहीं पर परीक्षार्थी अपना बैग रखेंगे. परीक्षा प्रारंभ होने से 10 मिनट पहले अपने परीक्षा केंद्र में पहुंचे उसके बाद आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जायेगा.
चार परीक्षा केंद्रों को बनाया गया आदर्श
शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, पानी एवं शौचालय की पूर्ण व्यवस्थाएं मंगलवार तक सुनिश्चित करायें. इस दौरान बताया गया कि इस वर्ष गया जिला में चार आदर्श परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इनमें राजकीय कन्या उच्च विद्यालय रमना, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय शेरघाटी, राज इंटर विद्यालय टिकारी, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय खिजरसराय शामिल है.
हर कर्मचारी के पास होना चाहिए पहचानपत्र
डीएम ने कहा कि शत-प्रतिशत पहचान पत्र सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को लगाना अनिवार्य है. पहचान पत्र में फोटो युक्त व साइन रहना अनिवार्य है. बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, उपविकास आयुक्त किशोरी चौधरी, अपर समाहर्ता राजकुमार सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी दंडाधिकारी व सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
67093 परीक्षार्थी होंगे शामिल
जिले में कुल 58 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इनमें सदर गया में 43, शेरघाटी में सात, टिकारी में चार व नीमचक बथानी अनुमंडल में चार परीक्षा केंद्र हैं. कुल 67093 परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं. इनमें छात्रों की संख्या 39905 व छात्राओं की संख्या 27188 है.
डीएम ने बताया कि गया सदर अनुमंडल के 30 परीक्षा केंद्रों पर 39905 बालक परीक्षार्थी व 13 परीक्षा केंद्रों पर 16003 बालिका परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. शेरघाटी अनुमंडल के सात परीक्षा केंद्र में 6032 बालिका परीक्षार्थी, टिकारी के चार परीक्षा केंद्र में 3441 बालिका परीक्षार्थी और नीमचक बथानी के चार परीक्षा केंद्र में 1712 बालिका परीक्षार्थी सम्मिलित होंगी.