Darbhanga News: बनेरी से दुपट्टा के सहारे झूलते मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Edited by PRABHAT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

Darbhanga News:कंसी गांव में सोमवार की सुबह घर के बनेरी से दुपट्टा के सहारे एक युवक का शव झुलते देखकर गांव में सनसनी फैल गयी.

विज्ञापन

Darbhanga News: सिंहवाड़ा. सिमरी थाना क्षेत्र के कंसी गांव में सोमवार की सुबह घर के बनेरी से दुपट्टा के सहारे एक युवक का शव झुलते देखकर गांव में सनसनी फैल गयी. यह खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए. लोगों की सूचना पर सदर एसडीपीओ ज्योति कुमारी, पुलिस निरीक्षक सुरेश राम, सिंहवाडा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी व सिमरी थानाध्यक्ष मनीष कुमार वहां पहुंचे. एसएफएल टीम को बुलाकर जांच करायी गयी. आवश्यक साक्ष्य लिया गया. सिमरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. मृतक की पहचान कंसी निवासी रामबाबू सहनी के 24 वर्षीय पुत्र आकाश सहनी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि उसका शव दुपट्टा के सहारे घर के बनेरी से लटक रहा था. उसका पैर जमीन से सटा हुआ था. वह मुंबई में मजदूरी करता था. कल यानी 18 मई को ही वह अपने गांव कंसी आया हुआ था. उसका दो भाई देहरादून में मजदूरी करता है. पांच दिन पहले उसके माता-पिता भी देहरादून गये थे. मृतक आकाश की दादी बसंती देवी ने बताया कि आकाश रविवार की शाम करीब पांच बजे मुंबई से गांव आया था. उसे बुलाने के लिए तीन-चार लड़का आया था. इसमें एक लड़की का भाई भी था. पुलिस गश्ती वाहन के चले जाने के बाद सभी ने शराब का सेवन किया. देर रात तक आकाश के घर नहीं लौटने पर मैं सोने चली गयी. सुबह चाय पीने के बाद उसे देखने गयी तो उसका शव दुपट्टा के सहारे लटक रहा था. वहीं खिडकी पर रखे ईंट नीचे गिरा पड़ा था. अंदर से दरवाजा बंद था. घटना की जानकारी मिलते ही गांव पहुंचे मृतक के भाई विकास कुमार सहनी ने बताया कि उसका भाई गांव के ही एक लड़की से प्यार करता था. लड़की ने ही उसे फोन कर बुलाया था. कल ही लड़की की शादी हुई है. उन्होंने उस लड़की के पिता व दोनों भाई समेत गांव के ही दुखी भगत के पुत्र विनोद भगत, जितेन्द्र भगत व फलिन्दर भगत द्वारा मिलकर आकाश की हत्या कर देने तथा उसका शव घर लाकर बनेरी से टांग देने का आरोप लगाया है. आकाश तीन भाई है. इसमें तीसरा भाई कैलाश सहनी भी देहरादून में ही रहकर मजदूरी करता है. उसे एक बहन भी है, जो शादीशुदा है. इधर पुत्र की मौत की जानकारी मां सोनदाय देवी व पिता रामबाबू सहनी को भी दी गयी है. पुलिस आकाश के कथित प्रेमिका के घर भी पहुंची. मामले की छानबीन की. बताया जाता है कि कथित प्रेमिका की शादी रात में ही हुई है, लेकिन इस घटना के कारण ससुराल बिदागरी नहीं हो सकी है. इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गयी थी. इस संबंध में सिमरी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि सभी बिंदु पर घटना की जांच की जा रही है. मृतक के मोबाइल को भी खंगाला जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा. इधर इस घटना को लेकर सोमवार को गांव मे तरह-तरह की चर्चा दिनभर होती रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHAT KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन