केवटी: रेहान हत्याकांड के विरोध में चार घंटे सड़क जाम, आरोपी की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग

सड़क जाम स्थल पर स्थानीय लोगों सहित पुलिस की भीड़ | Prabhat Khabar Network
केवटी के छतवन बाजार में हार्डवेयर कर्मी मो. रेहान की चाकू मारकर हत्या के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग की.
Keoti News: छतवन बाजार में चाकू मारकर हार्डवेयर दुकान के कर्मी मो. रेहान की हत्या के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम के उपरांत शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने छतवन गांधी चौक के समीप शव रखकर दोपहर करीब एक बजे से शाम पांच बजे तक रैयाम-मुरिया मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
चार घंटे तक बाधित रहा आवागमन
सड़क जाम की सूचना पर केवटी, रैयाम और सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया. प्रदर्शनकारियों ने हत्या के सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा, छतवन में सक्रिय अपराधियों पर कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की.
यह भी पढ़ें: बागमती में डूबे युवक का 19 घंटे बाद मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
घटनास्थल से चाकू बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है. स्वान दस्ता और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस के अनुसार मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
परिवार की जिम्मेदारी उठाता था मो. रेहान
शव घर पहुंचते ही मृतक के पिता मो. अशरफ अली, मां, तीन भाइयों और तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मो. रेहान अविवाहित था और भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. वह पिछले पांच वर्षों से गांव के पप्पू हार्डवेयर दुकान में कार्यरत था.
बिक्री की राशि लेकर जा रहा था मालिक के घर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात मो. रेहान दुकान से बिक्री के करीब ढाई लाख रुपये लेकर दुकान मालिक मो. फहीम के घर जा रहा था. आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर बैग में रखी नकदी लूट ली. गंभीर रूप से घायल रेहान की मौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केवटी रनवे ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई.
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दुकानदार मो. फहीम के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटना में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है. शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है. घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










