Darbhanga: लनामिवि देश के टॉप-10 विश्वविद्यालयों में होगा शामिल! कुलपति ने कही बड़ी बात

Updated:
विज्ञापन

झंडातोलन के दौरान कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी, वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. हरेकृष्ण सिंह व अन्य.

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया. लनामिवि के कुलपति ने अगले 10 वर्षों में विश्वविद्यालय को देश के टॉप-10 में शामिल करने का लक्ष्य बताया.

विज्ञापन

Darbhanga News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. दोनों विश्वविद्यालयों में राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और देश के लिए योगदान देने वाले महापुरुषों को नमन किया गया. लनामिवि के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया, जबकि संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने देश को विकसित करने के लिए खून नहीं, बल्कि पसीना बहाने की जरूरत बतायी.

लनामिवि में कुलपति ने फहराया तिरंगा

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के मुख्यालय सहित विभिन्न परिसरों में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया गया. मुख्य समारोह में कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने राष्ट्रध्वज फहराया और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया.

कुलपति ने कहा कि सदियों की गुलामी के बाद 1947 में देश को आजादी मिली. आजादी के अमृत संकल्प को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है.

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों से विश्वविद्यालय में पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है. विभिन्न विभागों में नये कौशल विकास पाठ्यक्रम शुरू किये गये हैं. राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को केवल डिग्री देने के बजाय कौशल, नवाचार, अनुसंधान और नैतिक मूल्यों से समृद्ध करने पर जोर दिया जा रहा है.

अगले 10 वर्षों में देश के टॉप-10 विश्वविद्यालयों में शामिल होने का लक्ष्य

कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने कहा कि विश्वविद्यालय वर्तमान में राज्य में अव्वल स्थान पर है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि अगले 10 वर्षों में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय देश के श्रेष्ठ 10 विश्वविद्यालयों में शामिल होगा.

इससे पहले कुलपति ने महात्मा गांधी सदन एवं आवासीय कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया. उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.

नरगौना परिसर स्थित मुख्य शैक्षणिक भवन में वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. हरे कृष्ण सिंह तथा कर्मचारी संघ एवं छात्र संघ कार्यालय में कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हंसदा ने ध्वजारोहण किया. संगीत एवं नाट्य विभाग के विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया. समारोह में कुलसचिव, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक और विद्यार्थी मौजूद थे.

संस्कृत विश्वविद्यालय में भी लहराया तिरंगा

कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने राष्ट्रध्वज फहराया. उन्होंने कहा कि जो जहां हैं, वहीं अपने कर्तव्यों को समझें और उसका ईमानदारी से निर्वहन करें. यही सच्ची देशभक्ति है.

कुलपति ने शहीदों और सैनिकों के साथ ऋषि-मुनियों के बलिदान तथा त्याग-तपस्या को भी नमन किया. उन्होंने कहा कि अनेक बाहरी आक्रमणकारियों और देश विरोधी ताकतों ने संस्कृत को नष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन मनीषियों के प्रयास से संस्कृत बची रही. इसे विकसित करना विश्व हित में भी जरूरी है.

बोले- देश को विकसित करने के लिए खून नहीं, पसीना बहाएं

कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने देश को विकसित करने के लिए खून नहीं, बल्कि पसीना बहाने की जरूरत बतायी. उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने तथा कौशल विकास सहित पारंपरिक शैक्षणिक दर्शन को मजबूत करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि करीब नौ दशक की लंबी लड़ाई के बाद देश आजाद हो पाया. इसके बावजूद आज भी कई गंभीर चुनौतियां सामने हैं, जिनका मिलकर मुकाबला करना होगा.

पीआरओ डॉ. निशिकांत ने बताया कि इससे पूर्व कुलपति प्रो. पांडेय और कुलसचिव ने विश्वविद्यालय के संस्थापक महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह एवं लक्ष्मीश्वर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की.

कर्मचारी संघ कार्यालय परिसर में कुलानुशासक डॉ. कुणाल झा, कुलसचिव डॉ. दिनेश झा, एफओ डॉ. पवन कुमार झा, संघ के अध्यक्ष रघुनंदन लाल कर्ण एवं सचिव अभिमन्यु कुमार ने सामूहिक रूप से ध्वजारोहण किया.


विज्ञापन
Pravin Kumar Chou

लेखक के बारे में

By Pravin Kumar Chou

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन