जाले के स्कूल में झंडोत्तोलन के बाद गायब हुआ तिरंगा, मैदान में गिरा मिला, जांच शुरू
विद्यालय परिसर में बिना ध्वज के खड़ा बांस. | Prabhat Khabar Network
जाले के राढ़ी पश्चिमी पंचायत के मध्य विद्यालय पकटोला में स्वतंत्रता दिवस के दिन ध्वजारोहण के बाद तिरंगा गायब हो गया. बाद में राष्ट्रीय ध्वज स्कूल के मैदान में गिरा मिला. इस घटना से हड़कंप मच गया है और शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
Jale News: राढ़ी पश्चिमी पंचायत स्थित मध्य विद्यालय पकटोला में स्वतंत्रता दिवस के दिन राष्ट्रीय ध्वज गायब मिलने से हड़कंप मच गया. विद्यालय में शनिवार को निर्धारित समय पर ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होने के बाद करीब 11 बजे शिक्षक व छात्र-छात्राएं घर चले गये. इसके कुछ घंटे बाद विद्यालय के मैदान में तिरंगा गिरा मिला.
महिला ने शिक्षिका को दी तिरंगा गिरने की सूचना
विद्यालय के प्रभारी एचएम संजय कुमार के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में समय पर ध्वजारोहण किया गया था. सांस्कृतिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब 11 बजे विद्यालय का मुख्य द्वार बंद कर सभी शिक्षक और छात्र-छात्राएं चले गये.
करीब डेढ़ बजे विद्यालय के पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने स्कूल की शिक्षिका को मोबाइल पर सूचना दी कि राष्ट्रीय ध्वज विद्यालय के मैदान में गिरा हुआ है. शिक्षिका ने महिला से तिरंगे को सम्मानपूर्वक अपने पास रखने का अनुरोध किया और शाम चार बजे शिक्षक या रसोईया के झंडा उतारने के लिए विद्यालय पहुंचने पर उसे सौंपने की बात कही.
मौके पर झंडे का बांस भी आधा टूटा हुआ मिला.
थाने में शिकायत देने की तैयारी
प्रभारी एचएम संजय कुमार ने बताया कि घटना को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी जायेगी. वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग भी जांच में जुट गया है.
बीईओ प्रमोद ठाकुर ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. इसकी जांच की जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
चारदीवारी नहीं होने से उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाये. ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय की सड़क की ओर चारदीवारी है, लेकिन महदई पोखर की ओर चारदीवारी नहीं है.
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में छुट्टी होने के बाद परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है. ऐसे में विद्यालय की सुरक्षा के लिए पूरी चारदीवारी का निर्माण जरूरी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









