एसएसपी ने थानों के आइटी प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक, 24 घंटे में प्राथमिकी अपलोड करने का निर्देश

Updated:
विज्ञापन

पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी | Prabhat Khabar Network

दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने सभी थाना प्रभारियों को न्यायालय के आदेशों का समय पर पालन करने और ई-साक्ष्य पोर्टल पर डेटा अपडेट करने का निर्देश दिया है।

विज्ञापन

Darbhanga News: वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के सभी थानों के पीसी प्रभारी सह सूचना प्रौद्योगिकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में न्यायालय से जुड़े कार्यों, अपराध से संबंधित अभिलेखों को ऑनलाइन अपडेट करने और साइबर अपराध से जुड़े मामलों की तकनीकी कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गये.

न्यायालय के आदेशों का समय पर करें तामिला

एसएसपी ने न्यायालय से प्राप्त सभी आदेशिकाओं का ससमय तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही न्यायालय से प्राप्त कांड दैनिकी की मांग को निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमा करने को कहा.

उन्होंने थाना स्टेशन डायरी, प्राथमिकी रिपोर्ट और अन्य संबंधित दस्तावेजों की अपराध एवं अपराधी खोज तंत्र में वास्तविक समय पर प्रविष्टि करने का निर्देश दिया.

ई-साक्ष्य एप पर अपलोड होंगे महत्वपूर्ण फोटो और वीडियो

एसएसपी ने कांड से संबंधित महत्वपूर्ण वीडियो और फोटो को नियमानुसार ई-साक्ष्य एप पर अपलोड करने को कहा. पुराने कांडों की केस डायरी को भी वर्षवार अपराध एवं अपराधी खोज तंत्र पर अपलोड करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये.

बैठक में इलेक्ट्रॉनिक समन से संबंधित प्रक्रिया को प्रभावी तरीके से लागू करने पर भी जोर दिया गया.

24 घंटे के अंदर प्राथमिकी और गिरफ्तारी मेमो अपलोड करने का निर्देश

सभी दर्ज प्राथमिकी और गिरफ्तारी ज्ञापन को 24 घंटे के अंदर राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा आरोप पत्र और अंतिम प्रपत्र को अपराध एवं अपराधी खोज तंत्र पर अपलोड करने को कहा गया.

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध से जुड़े सभी रिकॉर्ड समय पर अपडेट रहना जरूरी है, ताकि पुलिस की कार्रवाई और न्यायालय से संबंधित प्रक्रिया में किसी तरह की देरी नहीं हो.

गुमशुदा लोगों के मामलों में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश

बैठक के दौरान एसएसपी ने गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. अधिकारियों को अपराध एवं अपराधी खोज तंत्र तथा एकीकृत अपराध एवं आपराधिक न्याय प्रणाली में प्रतिदिन प्रवेश कर आवश्यक खोज करने का निर्देश दिया गया.

शून्य प्राथमिकी को अंतरराज्यीय अपराध सूचना प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से संबंधित दूसरे राज्य में भेजने की प्रक्रिया के बारे में भी अधिकारियों को जानकारी दी गयी.

आइटी प्रभारियों को साइबर अपराध का प्रशिक्षण

बैठक में सभी थाना सूचना प्रौद्योगिकी प्रभारियों को साइबर अपराध से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया. एसएसपी ने सभी प्रभारियों को तकनीकी माध्यमों का बेहतर उपयोग करने और पुलिस अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया.

उन्होंने न्यायालय से संबंधित कार्यों में निर्धारित समय-सीमा का हर हाल में पालन सुनिश्चित करने को कहा.

यह भी पढ़ें

बहेड़ी में 4 दर्जन से अधिक पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड व नर्सिंग होम पर छापेमारी


विज्ञापन
Kumar Raushan

लेखक के बारे में

By Kumar Raushan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन