Darbhanga: मां-बेटी का एक साथ उजड़ा सुहाग, सड़क हादसे में ससुर-दामाद की मौत

Published by :Aniket Kumar
Published at :02 May 2026 1:28 PM (IST)
विज्ञापन
Darbhanga News road accident father in law and son in law died scorpio hit

शव का प्रतिकात्मक तस्वीर और बॉक्स में मृतक का फोटो

Darbhanga News: दरभंगा में स्कॉर्पियो की टक्कर से ससुर-दामाद की दर्दनाक मौत हो गयी है. गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बाइक सवारों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया. हादसे के बाद एक साथ मां-बेटी के विधवा होने से पूरे इलाके में शोक की लहर है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

Darbhanga News: जिले के कमतौल थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना ने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार ससुर और दामाद की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने न केवल दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, बल्कि एक ही घर की मां और बेटी को एक साथ विधवा बना दिया. घटना कमतौल-भरवाड़ा पथ पर इंटोखर पोखर और ब्रह्मपुर हाट के बीच हुई.

गृह प्रवेश की खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के सनहपुर मकनपुरा निवासी संतोष साह अपने ससुर राम भरोस प्रसाद को बाइक पर लेकर लौट रहे थे. संतोष के साढू के नवनिर्मित घर का गृह प्रवेश और धार्मिक अनुष्ठान होने वाला था. पूरा परिवार इस उत्सव की तैयारी में जुटा था. इसी बीच बरात लेकर जा रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ससुर और दामाद दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

गांव पहुंचते ही शवों से लिपटकर रोने लगे परिजन

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों शव उनके पैतृक गांव पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. मृतक संतोष की पत्नी गुड़िया देवी अपने पति और पिता का शव एक साथ देखकर बार-बार मूर्छित हो रही थी. वहीं संतोष के पिता परमेश्वर साह और माता राजकुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों के चित्कार से पूरा इलाका गमगीन हो गया. मृतक संतोष भरवाड़ा में कपड़े की दुकान चलाकर अपने तीन बच्चों और परिवार का भरण-पोषण कर रहा था.

नियति का क्रूर प्रहार: पहले भी खोई थी एक बेटी

कुम्हरौली गांव निवासी मृतक राम भरोस प्रसाद के घर पर भी मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि परिवार पर नियति का यह दूसरा बड़ा प्रहार है. राम भरोस की तीन बेटियों में से एक की मौत कुछ साल पहले ही सड़क हादसे में हुई थी. अब दूसरी बेटी गुड़िया के सिर से पति और पिता दोनों का साया एक साथ उठ गया है. स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के कहर पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दरभंगा से शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट

यह भी पढ़ेंं: Darbhanga: पेट्रोल पंप पर बवाल, ग्राहक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन