दरभंगा में कमला नदी का जलस्तर बढ़ते ही बह गया चचरी पुल, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा

जलस्तर बढ़ते ही बह गया चचरी पुल
तारडीह प्रखंड के लगमा पंचायत में बनी चचरी पुल दो दिन में ही कमला नदी के बढ़ते पानी में समा गई. इससे स्थानीय लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. पुल बनने से मिली राहत पानी में डूब गई, जिससे मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं.
Kamala River: दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड अंतर्गत लगमा पंचायत के बथई घाट पर पुरानी कमला नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है. पानी के तेज बहाव के कारण महज दो दिन पहले बनकर तैयार हुआ चचरी पुल पानी में पूरी तरह डूब गया है. इसके चलते लगमा और बथई समेत आसपास के कई गांवों का पश्चिमी छोर से पूर्वी छोर के बीच संपर्क एक बार फिर कट गया है.
पुल अधूरा रहने से बढ़ीं मुश्किलें
उल्लेखनीय है कि बथई घाट स्थित पुरानी कमला नदी पर पहले से बना पुल ध्वस्त हो चुका है, जबकि नए पक्के पुल का निर्माण कार्य अब तक अधूरा है. इस वजह से स्थानीय ग्रामीणों को एक छोर से दूसरे छोर तक जाने के लिए भारी फजीहत का सामना करना पड़ता है. हाल ही में नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर थे.
मीडिया और ग्रामीणों की आवाज पर बना था पुल
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा आवाज उठाए जाने और अखबार में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया था. प्रखंड व अंचल प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग तथा ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) के संयुक्त प्रयास से दो दिन पूर्व ही यहाँ आवागमन के लिए चचरी (बांस) का अस्थायी पुल बनाया गया था.
अचानक जलस्तर बढ़ने से स्थिति हुई विकट
चचरी पुल का निर्माण होने से स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत मिलने लगी थी, लेकिन दो ही दिनों के भीतर कमला नदी में अचानक आए उफान ने पुल को जलमग्न कर दिया. पुल के डूबने से लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है और ग्रामीणों के सामने एक बार फिर आवागमन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










