दरभंगा: रैयाम चीनी मिल के पुनरुद्धार के बीच सड़कों के चौड़ीकरण के लिए विधायक ने CM को लिखा पत्र

विधायक मुरारी मोहन झा | Prabhat Khabar Network
दरभंगा रैयाम चीनी मिल के पुनरुद्धार के साथ, क्षेत्र में यातायात सुगम बनाने के लिए विधायक ने सीएम को पत्र लिखा है. पांच प्रमुख ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण की मांग की गई है ताकि आगामी औद्योगिक गतिविधियों को बल मिल सके.
Darbhanga road widening project: दरभंगा रैयाम चीनी मिल के पुनरुद्धार के साथ-साथ क्षेत्र में सुगम यातायात और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए केवटी के भाजपा विधायक मुरारी मोहन झा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा है. पत्र के माध्यम से विधायक ने मिल क्षेत्र से जुड़ी पांच प्रमुख ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग की है. उन्होंने इन सड़कों को पथ निर्माण विभाग के मानकों के अनुरूप विकसित करने का आग्रह किया है, ताकि आगामी औद्योगिक गतिविधियों को बल मिल सके.
504.67 करोड़ के निवेश से संवर रही रैयाम चीनी मिल
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि 68 एकड़ में फैली रैयाम चीनी मिल का पुनरुद्धार लगभग 504.67 करोड़ रुपये के निवेश से किया जा रहा है. मिल की शुरुआती पेराई क्षमता 3,500 टीसीडी (टन गन्ना प्रतिदिन) होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 5,000 टीसीडी तक करने की योजना है. इसके अलावा मिल परिसर में विद्युत उत्पादन, इथेनॉल डिस्टिलरी और कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) इकाइयों की स्थापना भी प्रस्तावित है.
भारी वाहनों का दबाव संभालने के लिए सड़कों का चौड़ा होना जरूरी
विधायक ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मिल के चालू होने के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों, गन्ना लदे ट्रैक्टरों और किसानों का आवागमन काफी बढ़ जाएगा. वर्तमान ग्रामीण सड़कें इस बढ़ते औद्योगिक यातायात का दबाव सहने में सक्षम नहीं हैं. यदि समय रहते इन सड़कों को चौड़ा नहीं किया गया तो क्षेत्र में जाम और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है.
विधायक ने इन 5 प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता में शामिल करने का किया आग्रह:
- बलिया चौक - रनवे चौक: 7 किमी
- औंसी जीरो माइल - रेयाम मुख्य मार्ग: 6 किमी
- हाजीपुर - छतवन मार्ग: 7.5 किमी
- हवाई अड्डा - बरही मार्ग: 9.5 किमी
- खिरमा जलवारा - असराहा पथ: 9.5 किमी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










