प्रेम के लिए बदला धर्म, शाहजहां बनी प्रतीक्षा यादव,बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में की शादी

प्रतीक्षा की मांग भरता पवन
UP News: जौनपुर की शाहजहां बानो ने अपने प्रेम पवन यादव के लिए धर्म परिवर्तन कर प्रतीक्षा यादव बनने का फैसला किया. अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक रीति-रिवाजों से हुई इस शादी को उन्होंने अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया.
UP News: जौनपुर की रहने वाली शाहजहां बानो ने प्रेम को अपना जीवनसाथी चुनते हुए धर्म परिवर्तन किया और प्रतीक्षा यादव बन गईं. इसके बाद उन्होंने बरेली स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम में प्रतापगढ़ निवासी पवन यादव के साथ वैदिक रीति-रिवाज से सात फेरे लिए. विवाह के बाद उन्होंने सनातन धर्म अपनाने को अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया.
अगस्त्य मुनि आश्रम में पूरी हुई धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, जौनपुर के नाहरमऊ गांव निवासी समीउल्ला की बेटी शाहजहां बानो शनिवार को अपने प्रेमी पवन यादव के साथ बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम पहुंचीं. यहां आचार्य केके शंखधार ने दोनों के जन्म और शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच की. दोनों के बालिग होने की पुष्टि के बाद धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कराई गई. गंगाजल से आचमन कराने के बाद शाहजहां का नया नाम प्रतीक्षा यादव रखा गया और फिर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह संपन्न कराया गया.
दोनों जिलों के बीच सिर्फ 12 किलोमीटर की दूरी
विवाह के बाद दंपति ने बताया कि भले ही उनके जिले अलग-अलग हैं, लेकिन दोनों गांवों के बीच केवल 12 किलोमीटर की दूरी है. लेकिन दोनों काफी समय से एक दूसरे को चाहते है | समय के साथ उनका प्रेम संबंध गहरा होता गया. प्रतीक्षा ने बताया कि वह बीए पास हैं, जबकि पवन यादव लखनऊ में टूर एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं. अब दोनों साथ मिलकर नया जीवन शुरू करेंगे.
दो साल पहले अधूरी रह गई थी शादी
आचार्य केके शंखधार ने बताया कि वर्ष 2024 में भी दोनों विवाह के उद्देश्य से आश्रम पहुंचे थे. उस समय शाहजहां बानो ने अपने भाई को बुलाने की बात कही थी ताकि परिवार की मौजूदगी में शादी हो सके.
छोटी बहन की शादी के बाद निभाया अपना वादा
आचार्य के अनुसार, भाई ने उस समय शाहजहां से कहा था कि यदि वह दूसरे धर्म में विवाह करेंगी तो छोटी बहन की शादी में परेशानी आ सकती है. इसके बाद दोनों वापस लौट गए थे. बाद में छोटी बहन का निकाह होने के बाद शाहजहां ने परिवार को अपने फैसले की जानकारी दी और अपने वादे के मुताबिक दोबारा आश्रम पहुंचकर धर्म परिवर्तन के बाद पवन यादव से विवाह कर लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










