पूर्व रेलवे चलायेगा 21 जोड़ी सावन स्पेशल ट्रेनें, बंगाल से बिहार और यूपी जाना हुआ आसान

भारतीय रेल
इस वर्ष श्रावणी मेले के लिए पूर्वी रेलवे ने 21 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है. यात्रियों की सुरक्षा, आराम और सुगम यात्रा के लिए सीसीटीवी, एआई तकनीक और अन्य सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है.
कोलकाता. इस वर्ष के श्रावणी मेले के अवसर पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. पूर्वी रेलवे ने यह घोषणा की है. मेले के लिए कुल 21 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. साथ ही, पूर्वी रेलवे ने लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कई अन्य पहल भी की हैं. कुछ स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. कैमरे को संचालित करने के लिए एआई की सहायता ली जा रही है. इसके अलावा, कुछ स्टेशनों पर ठहराव का समय भी बढ़ाया गया है.
स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था
पूर्वी रेलवे के नए महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार संभालने के बाद, गीतिका पांडे ने पूर्वी रेलवे मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. उन्होंने मेले के दौरान 24 घंटे निगरानी, यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता और मेला स्पेशल ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. श्रावणी मेले के अवसर पर जेएसडीआई, देवघर, बैद्यनाथ धाम और बासुकिनाथ स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की गई है.
तेज़ टिकट सेवा
टिकट बुकिंग सेवाओं को आसान और तेज़ बनाने के लिए विशेष पहल की गई है. कुल 20 यूटीएस काउंटर, 6 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और 30 मोबाइल यूटीएस उपकरण चालू किए गए हैं. जेएसडीआई स्टेशन के प्रतीक्षालय की क्षमता में लगभग 89 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे एक समय में 12,500 यात्रियों को समायोजित किया जा सकेगा. यहां एम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, एआई से संचालित अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे, 24 घंटे चलने वाला आपातकालीन कक्ष और अतिरिक्त जैव-शौचालयों की भी व्यवस्था की गई है.
बिहार और यूपी के लिए चलेंगी विशेष ट्रेन
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए पूर्वी रेलवे 21 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाएगी. कुल 1,017 ट्रिप संचालित की जाएंगी. ये विशेष ट्रेनें गोरखपुर, रक्सौल, जयनगर, दानापुर, पटना, वाराणसी, जमालपुर, गोड्डा और साहिबगंज सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से संपर्क बनाए रखेंगी. इसके अलावा, यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए, मिथिला एक्सप्रेस, गंगासागर एक्सप्रेस, बलिया एक्सप्रेस और मोकामा एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं. जेसीडी स्टेशन पर ट्रेन के रुकने का समय भी बढ़ा दिया गया है ताकि यात्री सुरक्षित रूप से चढ़ और उतर सकें.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आपात स्थिति के लिए तीन ट्रेंनें आरक्षित
आपात स्थिति से निपटने के लिए मधुपुर, जेसीडी और आसनसोल में तीन अतिरिक्त रेलगाड़ियां तैयार रखी गई हैं. साथ ही, वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों की देखरेख में मेले के दौरान 24 घंटे स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम मांझी ने कहा कि श्रावणी मेले के अवसर पर सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वी रेलवे सुनियोजित तरीके से काम कर रहा है. उन्होंने यात्रियों से वैध टिकट के साथ यात्रा करने, रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने और रेलवे एवं रेल सुरक्षा बल कर्मियों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष झा
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










