जान बचाने काे चिल्लाता रहा युवक, तमाशबीन बने लाेग
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :26 Mar 2017 2:52 AM (IST)
विज्ञापन

दर्दनाक . बीच सड़क पर हिंसक रूप िलया जमीन का विवाद दरभंगा : लहेरियासराय थाना क्षेत्र के स्वीट होम चौक पर शनिवार को थाने से चंद कदम की दूरी पर जमीन विवाद को लेकर बीच सड़क पर गुंडागर्दी की गई. भीड़-भाड़ वाले व्यस्ततम सड़क पर बेखौफ होकर कैलाश प्रसाद गुप्ता के परिजनों ने मनोज कुमार […]
विज्ञापन
दर्दनाक . बीच सड़क पर हिंसक रूप िलया जमीन का विवाद
दरभंगा : लहेरियासराय थाना क्षेत्र के स्वीट होम चौक पर शनिवार को थाने से चंद कदम की दूरी पर जमीन विवाद को लेकर बीच सड़क पर गुंडागर्दी की गई. भीड़-भाड़ वाले व्यस्ततम सड़क पर बेखौफ होकर कैलाश प्रसाद गुप्ता के परिजनों ने मनोज कुमार चौधरी के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी.
मनोज चौराहे पर धू-धू कर जलता रहा पर राहगीर या स्थानीय दुकानदार उसे बचाने सामने नहीं आये. आग लगने के बाद युवक जान बचाने के लिए गिड़गिराता रहा. किसी ने भी आगे बढ़ कर आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटायी. बीच सड़क पर इस तरह की घटना के बाद लोगों में दहशत व्याप्त हो गया.
लोगों में अफरा-तफरी मच गई. राहगीर इधर-उधर भागने लगे. आसपास के दुकानों के शटर गिर गये. युवक ने किसी तरह सड़क किनारे पानी और कीचड़ से आग बुझायी. इसके बाद लोगों ने उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां से उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
दस वर्षों चल रहा है जमीन विवाद
गुप्ता स्वीट्स के मालिक कैलास प्रसाद गुप्ता और बहादुरपुर थाना क्षेत्र के कबीलपुर निवासी राघव मेडिकल हॉल के मालिक कृष्ण कांत चौधरी के बीच 10-12 वर्षों से जमीन विवाद चल रहा है. दोनों पक्ष जमीन पर अपना मालिकाना दावा करते हैं. इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच न्यायालय में टाइटिल सूट लंबित है. कैलास प्रसाद गुप्ता का कहना है कि कृष्ण कांत चौधरी उनके किरायेदार थे. किराये की दुकान में वे राघव मेडिकल हॉल चलाते थे. कई वर्षों से दुकान बंद है. इस बीच जमीन पर गलत तरीके से अपना दावा कर रहे हैं. इसको लेकर न्यायालय में टाइटिल सूट चल रहा है. इधर कृष्ण कांत चौधरी का कहना है कि जमीन उनकी है. कैलास प्रसाद गुप्ता जबरन उनकी जमीन पर दखल किए हुए है. न्यायालय से वह केस जीत चुके हैं.
होलिका दहन के दिन से बढ़ा विवाद : होलिका दहन 12 मार्च की रात विवादित जमीन का गेट किसी ने तोड़ दिया. इसके बाद उस गेट की जगह दीवाल जोड़ दिया गया. कैलास प्रसाद का कहना है कि गेट किसने तोड़ा और दीवार किसने जोड़ा वह नहीं जानते हैं. वहीं कृष्ण कांत चौधरी का आरोप है कि कैलास प्रसाद ने ही गेट तोड़कर उसपर दीवार जोड़ दिया. यह न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है. इसको लेकर उन्होंने लहेरियासराय थाने में आवेदन भी दिया.
पुलिस ने की थी 107 की कार्रवाई : दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद लहेरियासराय थाना पुलिस ने दोनोु पक्षों के विरुद्ध धारा 107 की कार्रवाई की थी. दोनों पक्षों को यथा स्थिति बनाये रखने की भी हिदायत दी थी.
दो मजदूरों को लेकर दीवार तोड़ने पहुंचा था मनोज : दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से तनातनी बनी हुई थी. बताया जाता है कि आज मनोज कुमार चौधरी दो मजदूर को लेकर हाल में जोड़ी गयी दीवार को तोड़ने पहुंचे थे. इसका कैलास प्रसाद व उनके परिजनों ने विरोध किया. मजदूर जैसे ही दीवार तोड़ने के लिये आगे बढ़े, कैलास की पत्नी चंदा देवी उसके साथ मारपीट करने लगी. इसपर मजदूर ने चंदा देवी को धक्का दे दिया. इसके बाद कैलास प्रसाद के तीनों पुत्र आ धमके और मनोज पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. हालांकि कैलास प्रसाद का कहना है कि जमीनी विवाद को लेकर आज मनोज चौधरी 50-60 लोगों के साथ हथियार के साथ पहुंचे और दीवार तोड़ने लगे. मना करने पर उनलोगों पर जानलेवा हमला कर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




