Darbhanga News: जिले में मैट्रिक की परीक्षा से अनुपस्थित रहे 846 परीक्षार्थी

Updated at : 18 Feb 2025 10:58 PM (IST)
विज्ञापन
Darbhanga News: जिले में मैट्रिक की परीक्षा से अनुपस्थित रहे 846 परीक्षार्थी

Darbhanga News:गणित विषय की परीक्षा में दोनों पाली में आवंटित 55409 के विरुद्ध 54563 उपस्थित एवं 846 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे.

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा. मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन गणित विषय की परीक्षा में दोनों पाली में आवंटित 55409 के विरुद्ध 54563 उपस्थित एवं 846 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. गणित विषय की प्रथम पाली में आवंटित 28202 के विरुद्ध 27760 उपस्थित एवं 442 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. इसी विषय के दूसरी पाली की परीक्षा में आवंटित 27207 के विरुद्ध 26803 उपस्थित एवं 404 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. बुधवार को दोनों पाली में द्वितीय भारतीय भाषा विषय की परीक्षा होगी.

जाम में फंसते रहे परीक्षार्थी

मंगलवार की सुबह से ही प्रमुख चौक-चौराहे पर रूक-रूक कर जाम लगती रही. इस वजह से एग्जाम सेंटर के मुख्य द्वार पर सुबह से ही परीक्षार्थी एवं अभिभावक पहुंचना शुरू कर दिए थे. वैसे जाम की वजह से कई परीक्षार्थी एवं अभिभावक ससमय केंद्र के मुख्य द्वार तक नहीं पहुंच सके. इस वजह से कई परीक्षार्थियों को केंद्र के बाहर से निराश होकर वापस लौट जाना पड़ा. शहर के दोनार, बेंता, अललपट्टी, चट्टीचौक, शिवधारा चौक, कंगवा रेलवे गुमती, नाका नंबर 05,06, लोहिया चौक, हसनचक आदि में रह-रहकर जाम लगती रही. जाम के कारण परीक्षार्थी और उनके अभिभावक परेशान दिखे. ट्रैफिक व्यवस्था में पुलिस ने बताया कि अचानक दबाव बढ़ने के कारण कई जगहों पर जाम लगने से परेशानी हुई है. हालांकि जाम नहीं लगे, इसको लेकर विभिन्न चौक चौराहों पर पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गई है.

परीक्षार्थियों ने कहा, कठिन नहीं थे प्रश्न

परीक्षा देकर जिला स्कूल परीक्षा केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थी सोनम कुमार, आलोक कुमार, दिग्विजय यादव आदि ने बताया कि प्रश्न आसान थे. प्रश्न पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया था. एमएआरएम गर्ल्स हाइस्कूल परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकली यासमीन, मुन्नी खातून, शगुफ्ता प्रवीण, रागिनी, बेबी, सुनीता आदि ने भी बताया कि प्रश्न कठिन नहीं थे. बताया कि वैसे कुछ प्रश्न सिलेबस से बाहर के भी पूछे गए थे. पूछा गया था कि सिद्ध करें कि यदि किसी त्रिभुज का एक कोण दूसरे त्रिभुज के एक कोण के बराबर हो और इन कोणों को अंतरित करने वाली भुजाएं अनुपातिक हो तो त्रिभुज समरूप होते हैं? दो अंकों की एक संख्या अपने अंकों के जोड़ की चार गुनी है.एवं अपने अंकों के गुणनफल की दुगनी है तो संख्या ज्ञात करें?

परीक्षा देने समय से केंद्र पर पहुंचे छात्र-छात्रा- डीइओ

डीइओ केएन सदा ने विभिन्न कारणों से काफी संख्या में बच्चों के परीक्षा से वंचित रहने पर दुख जताया है. कहा है कि शहर में जाम की समस्या रहती है. इसके लिये आवश्यक है कि निर्धारत समय से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने का लक्ष्य लेकर आवासन स्थल से छात्र निकलें. परीक्षार्थियों की जांच के उपरांत निर्धारित अवधि से एक घंटा पूर्व से ही केंद्र में प्रवेश की व्यवस्था है. बताया कि परीक्षा निष्पक्ष, कदाचारमुक्त संपन्न हो रही है.

भयमुक्त होकर परीक्षा दे रहे बच्चे- एडीएम

जिला के सहायक मुख्य परीक्षा नियंत्रक सह एडीएम नीरज कुमार दास ने बताया कि परीक्षा स्वच्छ, निष्पक्ष, कदाचार मुक्त, भय मुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चल रही है. कई केंद्रों का निरीक्षण किया है. कहा कि अब बच्चे कदाचार नहीं बल्कि सदाचार में विश्वास रखते हैं. परीक्षार्थी भयमुक्त होकर परीक्षा दे रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन