नीतीश कुमार ने अररिया को दी 545 करोड़ की सौगात, फारबिसगंज में एयरपोर्ट बनाने की घोषणा

Updated at : 11 Mar 2026 2:25 PM (IST)
विज्ञापन
CM Nitish Yatra

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

CM Nitish Yatra: नीतीश कुमार ने बुधवार को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत अररिया पहुंचकर करीब 545.88 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने राज्य के विकास की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा.

विज्ञापन

CM Nitish Yatra: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ ने आज बुधवार को अररिया पहुंचे. उन्होंने जिले को 545.88 करोड़ रुपये की सौगात देते हुए कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया.

बुधवार सुबह करीब 10.25 बजे हेलीकॉप्टर से हड़ियाबाड़ी न्यू पुलिस लाइन पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले 54 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक पुलिस लाइन का उद्घाटन किया. इसके बाद वे सड़क मार्ग से अररिया पहुंचे, जहां 29.6 करोड़ के एएनएम प्रशिक्षण संस्थान का फीता काटा. मुख्यमंत्री ने कोसी डेयरी के मिल्क चिलिंग प्लांट के नवीकरण का शिलान्यास भी किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया.

फारबिसगंज में बनेगा एयरपोर्ट

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनसभा में ऐलान किया कि अररिया के फारबिसगंज में 150 एकड़ जमीन पर अत्याधुनिक हवाई अड्डा बनाया जाएगा. इसके साथ ही सुपौल के वीरपुर में भी हवाई अड्डे के लिए केंद्र सरकार द्वारा टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इससे न केवल यातायात सुलभ होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे.

लालटेन युग की याद दिलाकर बोले नीतीश- अब बिहार का खूब अच्छा होगा

अपने करीब 40 मिनट के जोशीले संबोधन में मुख्यमंत्री ने बार-बार लोगों को साल 2005 से पहले के बिहार की याद दिलाई. उन्होंने कहा कि पहले क्या हालात थे और आज सड़क, बिजली, स्वास्थ्य की स्थिति क्या है, यह किसी से छिपा नहीं है.

संबोधन के अंत में उन्होंने ठेठ अंदाज में जनता से पूछा, “बताइये सब अच्छा रहेगा न?” इसके बाद मंच पर मौजूद सम्राट चौधरी, विजय चौधरी और लेसी सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये सब लोग मिलकर काम करेंगे. उन्होंने जनता से हाथ उठवाकर विकास के संकल्प पर मुहर भी लगवाई.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया धन्यवाद

अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसंवाद कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने दहाड़ते हुए कहा कि अगले पांच साल बिहार के इतिहास में सबसे स्वर्णिम होंगे और राज्य देश के शीर्ष पायदान पर खड़ा होगा. इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए विकास में केंद्र के भरपूर सहयोग का भी जिक्र किया.

नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास के लिए 2025 से 2030 का विस्तृत रोडमैप तैयार है. उन्होंने जुलाई 2024 और फरवरी 2025 के केंद्रीय बजट में बिहार को मिले विशेष आर्थिक पैकेज, मखाना बोर्ड और पश्चिमी कोसी नहर की सफाई के लिए मिले फंड के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया. करीब दो घंटे अररिया में बिताने के बाद मुख्यमंत्री 12.25 बजे किशनगंज के लिए रवाना हो गए.

Also Read: राज्यसभा चुनाव: बिहार में सियासी हलचल तेज, तेजस्वी यादव से मिलेंगे AIMIM अध्यक्ष

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन