BSSC पेपर लीक : बेतिया पुलिस के रेकॉर्ड में 17 साल से फरार हैं परमेश्वर

Published at :14 Feb 2017 8:07 AM (IST)
विज्ञापन
BSSC पेपर लीक : बेतिया पुलिस के रेकॉर्ड में 17 साल से फरार हैं परमेश्वर

मैनाटांड़ (बेतिया) : पेपर लीक मामले में गिरफ्तार बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) के सचिव परमेश्वर राम प्रशासनिक अधिकारी के रूप में शुरू से ही विवादित रहे हैं. पश्चिमी चंपारण जिले के मैनाटांड़ में सीओ के रूप में पदस्थापित परमेश्वर राम के खिलाफ मैनाटांड समेत दो थानों में तीन मामले दर्ज हैं. इनमें से एक […]

विज्ञापन

मैनाटांड़ (बेतिया) : पेपर लीक मामले में गिरफ्तार बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) के सचिव परमेश्वर राम प्रशासनिक अधिकारी के रूप में शुरू से ही विवादित रहे हैं. पश्चिमी चंपारण जिले के मैनाटांड़ में सीओ के रूप में पदस्थापित परमेश्वर राम के खिलाफ मैनाटांड समेत दो थानों में तीन मामले दर्ज हैं. इनमें से एक मामले में वारंट जारी होने के कारण वह पुलिस की नजर में 17 साल से फरार हैं.

मैनाटांड के थानाध्यक्ष रफीकुर्र रहमान ने कहा कि फिर से मैनाटांड़ के तत्कालीन सीआे परमेश्वर राम को वारंट तालिमा के लिए भेजा जायेगा. सरेंडर नहीं करने पर उनको गिरफ्तार किया जायेगा. जानकारी के अनुसार, मैनाटांड़ में सीओ के पद पर परमेश्वर राम की तैनाती 15 अप्रैल, 1997 में हुई थी. तब से 28 मार्च, 2000 तक उन्होंने इस पद पर कार्य किया. बताते हैं कि इस दौरान भगहां बाजार के ग्रामीण इतिहाक अंसारी ने उन पर प्राथमिकी दर्ज करायी.

1998 में भंगहा थाने में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया कि उन्होंने भंगहा बाजार में शरणार्थियों की जमीन को आधा दर्जन लोगों के नामों पर अवैध तरीके से बंदोबस्त कर दिया. इसी दौरान ग्रामीणों ने पिटाई की, तो थाने की शरण लेकर उन्होंने जान बचायी. इसी तरह भंगहा थाने के नकरदेही में आम गैरमजरूआ जमीन पर दो लाख के हरे पेड़ों की लकड़ी कटवा कर बेचने का आरोप लगा है. मामले की जांच तत्कालीन एडीएम ललन सिंह ने की थी.

उधर, 1998 में मैनाटांड़ के पूर्व सरपंच शिवाजी आर्य की ओर से रजिस्ट्री जमीन का गलत ढंग से बासगीत परचा काटने का आरोप लगाते हुए मैनाटांड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इस मामले में पूर्व अमीन भी आरोपित है. इसी मामले में तत्कालीन सीओ परमेश्वर राम के खिलाफ वारंट निर्गत है और पुलिस उन्हें फरार मान चुकी है.

बीएसएससी के अध्यक्ष का डाटा एंट्री ऑपरेटर भी शक के घेरे में, होगी पूछताछ

पटना : बीएसएससी के सचिव परमेश्वर राम व डाटा एंट्री ऑपरेटर अविनाश की गिरफ्तारी के बाद एसआइटी अब आयोग के अध्यक्ष सुधीर कुमार के डाटा एंट्री ऑपरेटर से पूछताछ की तैयारी कर रही है. आशंका है कि पेपर लीक से पहले माॅडल आंसर ‘की’ को भी लीक किया गया था. आंसर कहां से लीक हुआ, इसकी जांच चल रही है. इस संबंध में अध्यक्ष का डाटा एंट्री ऑपरेटर कुछ अहम जानकारी दे सकता है. अब तक की जांच के बाद एसआइटी यह मान रही है कि जो आंसर लीक हुआ है, उसे दो हैंडराइटिंग में लिखा गया है. इसकी जांच में हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद ली जायेगी.

पहले तो यह देखा जा रहा है कि माॅडल आंसर ‘की’ प्रिंटिंग प्रेस से निकलने के बाद किसके पास पहुंचती है, एसआइटी वहां पहुंचना चाहती है. मालूम हो कि प्रश्नपत्र से पहले जो आंसर लीक किया गया था, उसमें पहले सवाल का जवाब पीयूष ग्रंथी था. इसकी जांच की जा रही है.

एवीएन स्कूल की नौबतपुर शाखा में पहुंची एसआइटी

पटना के एवीएन स्कूल की नौबतपुर शाखा में साेमवार को एसआइटी पहुंची. पुलिस ने स्कूल में छानबीन की. कुछ दस्तावेज भी देखे. कुछ लोगों से पूछताछ भी की. सूत्राें की मानें, तो एसआइटी को गिरफ्तार शिक्षक अटल बिहारी से कुछ खास जानकारी मिली है, जिसके आधार पर छानबीन गयी है. हालांकि, वहां से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. छानबीन जारी है.

सात आरोपितों को रिमांड के लिए पुलिस ने कोर्ट में दी अर्जी

एसआइटी ने सोमवार को सात आरोपितों को रिमांड लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दी. इनमें नितिन उर्फ सनोज, अटल बिहारी, राम आशीष, राम सुमेर, गौरीशंकर, आलोक, रामेश्वर उर्फ रमेश शामिल हैं. संभावना है कि मंगलवार को रिमांड मिल जायेगा. इसके बाद एसआइटी इनसे अलग-अलग पूछताछ करेगी.

रिमांड के लिए अगली अर्जी परमेश्वर राम के लिए

सात लोगों को रिमांड पर लेने के बाद एसआइटी परमेश्वर राम और उनके डाटा इंट्री ऑपरेटर अविनाश कुमार को रिमांड लेगी. अब तक की जांच में मिले तथ्यों के आधार पर उनसे दोबारा पूछताछ होगी. एसआइटी जिस तरह से छानबीन कर रही है, उससे साफ है कि जांच दायरा अभी और बढ़ेगा.

पश्चिम बंगाल से लौटी टीम, सेटर नहीं लगा हाथ

परमेश्वर व अविनाश की गिरफ्तारी के बाद एसआइटी को कुछ सेटरों की जानकारी मिली थी. इनमें एक खास शख्स था, जिसका लोकेशन कोलकाता में मिला था. एसआइटी की एक टीम पश्चिम बंगाल भेजी गयी थी. लेकिन वहां किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन