बिहार : जानिए क्‍यों भड़का छात्रों का गुस्सा, एसडीओ, सीओ समेत दर्जनों को बनाया बंधक, लोगों ने संभाला मोर्चा

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 27 Feb 2018 5:07 AM

विज्ञापन

रक्सौल (पूचं) : शहर के राजा राम साह कॉलेज मैट्रिक परीक्षा केंद्र पर सोमवार की सुबह 9:35 बजे हिंदी में सिलेबस से बाहर का प्रश्न पूछने का आरोप लगाकर परीक्षार्थियों ने जम कर उत्पात मचाया. छात्रों ने कॉलेज में तोड़फोड़ की. सैकड़ों बेंच-डेस्क तोड़ दिये. हंगामे की वजह से राजा राम साह कॉलेज में पहली […]

विज्ञापन
रक्सौल (पूचं) : शहर के राजा राम साह कॉलेज मैट्रिक परीक्षा केंद्र पर सोमवार की सुबह 9:35 बजे हिंदी में सिलेबस से बाहर का प्रश्न पूछने का आरोप लगाकर परीक्षार्थियों ने जम कर उत्पात मचाया. छात्रों ने कॉलेज में तोड़फोड़ की.
सैकड़ों बेंच-डेस्क तोड़ दिये. हंगामे की वजह से राजा राम साह कॉलेज में पहली पाली की परीक्षा नहीं हो सकी. वहीं चकिया में भी एक केंद्र पर हंगामे की वजह से दूसरी पाली की परीक्षा नहीं हो पायी. रक्सौल के एसडीओ श्रीप्रकाश ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, तो वह उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगे. मामला बिगड़ता देख उन्होंने कॉलेज का गेट बंद कर दिया.
इसके बाद छात्रों ने कालेज को घेर कर रोड़ेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस व अधिकारियों ने छुपकर जान बचायी. आक्रोशित छात्रों ने एसडीओ, सीओ, केंद्राधीक्षक, बीईओ दंडाधिकारी समेत वीक्षक व मीडिया के कुछ लोगों को बंधक बना लिया. मामला बिगड़ता देख एसडीओ ने सुरक्षा गार्ड को फायरिंग करने का निर्देश दिया. सोमवार को परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में हिंदी का प्रश्नपत्र मिलने के पांच मिनट बाद ही छात्र सिलेबस से बाहर का प्रश्न पूछने का आरोप लगा केंद्र से बाहर निकल गये और पथराव शुरू कर दिया.
कुछ छात्र केंद पर भी उत्पात मचाने लगे. कई गुटों में बंट कर छात्र शहर के चौक-चौराहों को जाम कर बवाल करने लगे. शहर के लोगों के लाठी लेकर निकलने के बाद उपद्रवी छात्र भागे. प्रशासन ने कुल 644 छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज की है. 131 को गिरफ्तार किया गया है. खबर लिखे जाने तक गिरफ्तार छात्रों में न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही थी.
रक्सौल के लोगों ने संभाला मोर्चा, तब भागे उपद्रवी छात्र
शहर में किया हंगामा
गुटों में बंट कर छात्र शहर के कई इलाकों में उपद्रव मचा रहे थे. इस दौरान इंस्पेक्टर ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने.
छात्र हंगामा करते हुए दूसरे परीक्षा केंद्र हजारीमल हाइस्कूल पहुंच कर व्यवधान डालने का प्रयास किया. छात्रों का जत्था शहर में जिधर से जा रहा था, उधर उपद्रव मचा रहा था. सड़क पर लगी गाड़ियों में तोड़फोड़, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उपद्रवी छात्रों का दल थाने के अंदर दाखिल हो गया.
थाना के कर्मी कुछ समझ पाते कि थाना परिसर में लगी एसडीपीओ की गाड़ी समेत आधा दर्जन गाड़ियों पर अपना गुस्सा उतारा. इतना ही नहीं छात्र थाने के अंदर घुसकर टेबल-कुर्सी तोड़ दिया.प्रथम पाली में परीक्षा में छात्रों के हंगामे अधिकतर बेंच डेस्क टूट गये थे. इसलिए दूसरी पाली की परीक्षा पर संशय था. लेकिन, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीप्रकाश ने केंद्राधीक्षक को टेंट हाउस से दरी मंगा कर परीक्षा शुरू कराने का निर्देश दिया.
एसडीओ के इस निर्णय से वीक्षक नाराज दिखे. लेकिन अनुमंडल पदाधिकारी ने वीक्षकों से कहा कि परीक्षा हर हाल में समय से शुरू होगी. इसके बाद वह खुद माइक पर बोलने लगे कि दूसरी पाली में जिन छात्रों की परीक्षा राजा राम साह केंद्र पर है, वे केंद्र के अंदर दाखिल हों, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. इसके बाद दूसरी पाली की परीक्षा छात्रों ने दरी पर बैठ कर दी.
चकिया में नहीं हुई दूसरी पाली की परीक्षा
चकिया : गणित में सिलेबस से बाहर का प्रश्न पूछने का आरोप लगाकर छात्रों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया. गणित की परीक्षा शनिवार को हुई थी. हंगामा करने वाले छात्रों ने चकिया के एसआरएपी कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की. उपद्रवी छात्रों ने प्रशासन की गाड़ी को भी क्षति पहुंचायी. बाद में जाम कर सड़क किनारे लगे प्रशासनिक बोर्ड व कॉलेज परिसर में पथराव किया. कॉलेज परिसर में उपस्कर को तोड़ डाला. इस वजह से एसआरएपी कॉलेज में दूसरी पाली की परीक्षा नहीं हो सकी.
बक्सर : मैट्रिक के परीक्षार्थियों ने गणित व साइंस के प्रश्नपत्रों को आउट ऑफ सिलेबस बताते हुए जमकर हंगामा किया. छात्रों ने इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के बीच ट्रैक पर आगजनी की और पुलिस पर पथराव किया. इससे कई पुलिसकर्मी और राहगीर जख्मी हो गये. छात्रों के उग्र रूप को देख पुलिस भाग खड़ी हुई. पथराव के दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गये. आसपास की सभी दुकानों के शटर गिरने लगे.
छात्रों ने मुफस्सिल टीओपी पर धावा बोलते हुए तोड़फोड़ की और वहां पर खड़े तीन वाहनों के साथ सरकारी कागजात को आग के हवाले कर दिया. इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास पुलिस बल की कोई व्यवस्था नहीं थी. मौके पर सिर्फ नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार चार सुरक्षा बलों के साथ मौजूद थे.
करीब चार घंटे ट्रैक को जाम किये हजारों छात्रों ने बक्सर रेलवे स्टेशन पर धावा बोल कर वहां के जीआरपी थाना, पूछताछ काउंटर, टिकट काउंटर, स्टेशन मास्टर कक्ष, पैनल सिस्टम व रेलवे स्टेशन की दर्जनों दुकानों सहित रेलवे के कई महत्वपूर्ण उपकरणों में तोड़फोड़ करते हुए ट्रैक पर फेंक दिया. इससे रेलवे को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. इस घटना से करीब पांच घंटे तक मुगलसराय-दानापुर रेलखंड बाधित रहा. बवाल कर रहे छात्रों के बीच रहे असामाजिक तत्वों ने जीआरपी थाने के हथियारों को लूटने का प्रयास किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन