बक्सर के सरेंजा-कोचस मार्ग पर ब्राउन शुगर के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
फोटो :- राजपुर थाना | Prabhat Khabar Network
राजपुर पुलिस ने सरेंजा-कोचस मार्ग पर एक नशा तस्कर को 25 ग्राम ब्राउन शुगर और बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Buxar News : बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सरेंजा-कोचस मार्ग से आरोपी के पास से 25.36 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की गयी है. बरामद मादक पदार्थ की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 7:20 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति बाइक से सरेंजा से कोचस की ओर मादक पदार्थ लेकर जा रहा है. सूचना मिलते ही एसपी बक्सर के निर्देश पर एसडीपीओ बक्सर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी.
पुलिस को देखते ही भागने लगा तस्कर
विशेष टीम ने सरेंजा-कोचस मार्ग पर सघन वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखते ही वह बाइक लेकर तेजी से भागने लगा. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया.
तलाशी में मिला ब्राउन शुगर
पकड़े गये युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 25.36 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर लिया. साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एसपी होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी.
इटाढ़ी थाना क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के भेलुपुर गांव निवासी ब्रजेश चौधरी, पिता कामेश्वर चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.
विशेष टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में एसडीपीओ गौरव पांडेय, राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक उमेश यादव और राजपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे. पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











