बक्सर: आधुनिक स्टेशन का दावा, टिकट घर के सामने मलबे का अंबार; डुमरांव में यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्था पर उठाये सवाल
टिकट कांउटर के सामने पड़ा मलवा | Prabhat Khabar Network
डुमरांव रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य का मलबा टिकट काउंटर के पास पड़ा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। रेल प्रशासन से सफाई की मांग की गई है।
Buxar News : बक्सर जिला के डुमरांव रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम जोर-शोर से चल रहा है. यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्य के बीच स्टेशन परिसर में अव्यवस्था भी सामने आ रही है. टिकट घर के मुख्य दरवाजे के पास कई दिनों से निर्माण का मलबा पड़ा होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है. यात्रियों ने मलबे से दुर्गंध निकलने की शिकायत करते हुए इसे तत्काल हटाने की मांग की है.
टिकट घर के रास्ते में पड़ा है मलबा
यात्रियों के अनुसार, टिकट घर के मुख्य दरवाजे के पास पिछले कई दिनों से निर्माण कार्य का मलबा पड़ा हुआ है. इसी रास्ते से यात्रियों को टिकट काउंटर तक पहुंचना पड़ता है. मलबे के कारण आने-जाने में परेशानी हो रही है. यात्रियों का कहना है कि मलबे से दुर्गंध भी निकल रही है, जिससे समस्या और बढ़ गयी है.
कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद सफाई नहीं होने पर सवाल
यात्रियों ने बताया कि स्टेशन के बुकिंग कार्यालय में बुकिंग सुपरवाइजर, बुकिंग क्लर्क, रिजर्वेशन क्लर्क और रिजर्वेशन सुपरवाइजर समेत अन्य कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी करते हैं. इसके बावजूद टिकट घर के सामने पड़े मलबे को हटाने की दिशा में पहल नहीं होने से यात्री सवाल उठा रहे हैं. उनका कहना है कि आधुनिकीकरण के साथ स्टेशन की साफ-सफाई और यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए.
जिम्मेदार अधिकारी और एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मलबा तत्काल हटाने के साथ यह भी जांच कराने की मांग की है कि निर्माण सामग्री और मलबे को हटाने की जिम्मेदारी किस अधिकारी या संबंधित एजेंसी की है. यात्रियों का कहना है कि स्टेशन का आधुनिकीकरण केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं होना चाहिए. निर्माण के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, आवागमन और स्वच्छता का भी ध्यान रखना जरूरी है.
स्टेशन मास्टर ने कहा, सोमवार को हटेगा मलबा
इस संबंध में डुमरांव स्टेशन मास्टर प्रवीण कुमार ने कहा कि वह फिलहाल प्रशिक्षण के सिलसिले में दूसरे स्थान पर हैं. हालांकि, स्टेशन परिसर में पड़े मलबे को सोमवार को वहां से हटवा दिया जायेगा.
यात्रियों ने रेलवे से शीघ्र कार्रवाई की मांग की
मलबा हटाने और व्यवस्था में सुधार की मांग करने वालों में कृष्ण बिहारी चौबे, दयानंद सिंह, प्रदीप शरण, डॉ. सत्यदेव सिंह, बिपिन बिहारी सिंह, अनिल जी, अजय उपाध्याय, टुनटुन पांडे समेत अन्य नियमित रेल यात्री शामिल हैं. यात्रियों ने रेल प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर मलबा हटाने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











