बक्सर में शान से लहराया तिरंगा, ऐतिहासिक किला मैदान में गूंजा देशभक्ति का जयघोष

Updated:
विज्ञापन

बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने ध्वजारोहण कर शहीदों को नमन किया और विकास कार्यों को गिनाया।

विज्ञापन

Buxar News : बक्सर का ऐतिहासिक किला मैदान शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. उतरायणी गंगा तट के समीप आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग समारोह में शामिल हुए और राष्ट्रभक्ति के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा.

9 बजे लहराया तिरंगा, राष्ट्रगान से गूंजा किला मैदान

नियत समय सुबह 9 बजे राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के बाद प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. तिरंगा लहराते ही पूरा मैदान देशभक्ति के माहौल से सराबोर हो गया. इसके बाद बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच राष्ट्रगान जन गण मन हुआ. प्रभारी मंत्री ने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए स्वतंत्रता को देश की सबसे बड़ी विरासत बताया.

सात टुकड़ियों ने किया मार्च पास्ट

ध्वजारोहण के बाद बिहार पुलिस, गृह रक्षा वाहिनी, फायर ब्रिगेड, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट एंड गाइड की कुल सात टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया. अनुशासित कदमताल और बूटों की थाप से किला मैदान गूंज उठा. जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की देखरेख में परेड का आयोजन किया गया.

मंत्री ने गिनायीं सरकार की विकास उपलब्धियां

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, परिवहन, कल्याण, खेलकूद और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है. इस दौरान चयनित लाभुकों को पर्चा वितरित करने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और आम लोगों को सम्मानित भी किया गया.

समाहरणालय समेत प्रमुख कार्यालयों में फहराया गया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी साहिला ने ध्वजारोहण किया. पुलिस केंद्र में एसपी शुभम आर्य, सदर अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अविनाश कुमार और सदर अनुमंडल पुलिस कार्यालय में एसडीपीओ गौरव पांडेय ने तिरंगा फहराया.

बक्सर नगर परिषद कार्यालय में मुख्य पार्षद कमरून निशा, नगर थाना में थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, औद्योगिक क्षेत्र थाना में थानाध्यक्ष सुरेश कुमार, इटाढ़ी थाना में थानाध्यक्ष सोनू पासवान, इटाढ़ी गुमटी पुलिस पोस्ट में प्रभारी गुड्डू चौधरी और मुरार थाना में थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने ध्वजारोहण किया.

बक्सर आरपीएफ पोस्ट में प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार, जीआरपी थाना में थानाध्यक्ष मणि चंद्र पांडेय, जिला परिवहन कार्यालय में डीटीओ प्रशांत रमिनिया, सदर प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड प्रमुख फूलपातो देवी और विद्युत प्रमंडल कार्यालय में कार्यपालक अभियंता स्वयं प्रकाश सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया.

न्यायालय परिसर में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह

व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला जज काजल झाम्व ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. पुस्तकालय भवन परिसर में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष बबन ओझा और उपभोक्ता फोरम अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह ने ध्वजारोहण किया. जिला विधिक सेवा प्राधिकार भवन में भी प्रधान जिला जज ने तिरंगा फहराया. इस दौरान न्यायाधीश, अधिवक्ता, अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, न्यायालय कर्मी और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे.

राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया. कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, जनसुराज कार्यालय में जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्र, राजद कार्यालय में जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह और जदयू कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने तिरंगा फहराया.

कॉलेजों और स्कूलों में भी उत्साह के साथ मना स्वतंत्रता दिवस

जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया. एमवी कॉलेज में प्राचार्य डॉ कृष्णा कांत सिंह, केएनएस कॉलेज में प्राचार्य डॉ विमलेश कुमार, डॉ केके मंडल महिला महाविद्यालय में सचिव हृदय नारायण सिंह, पीसी कॉलेज में डॉ महेश दत्त सिंह, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ निभा राय और राम अवतार सिंह आदर्श महाविद्यालय कुकुढ़ा में प्राचार्य मनीष कुमार ने ध्वजारोहण किया.

केएनएस इंटर कॉलेज, जेकेटी लॉ कॉलेज, रोटरी भवन, बिहार सेंट्रल स्कूल, बक्सर चैंबर ऑफ कॉमर्स, आयुर्वेद कॉलेज एवं अस्पताल, डाक विभाग, मां मुंडेश्वरी अस्पताल, मां शिवरात्रि अस्पताल, एसजेविएन, ग्लोबल विजडम स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर अहिरौली सहित अन्य संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं और संस्थान से जुड़े लोगों ने देशभक्ति के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.


विज्ञापन
ओंकार नाथ मिश्रा

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन