जवाहर नवोदय विद्यालय में आवेदन का मिला दूसरा मौका, अब 7 अगस्त तक करें कक्षा 6 में नामांकन के लिए आवेदन

जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 7 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। पात्रता और आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी यहाँ विस्तार से पढ़ें।
Buxar News : पीएम श्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, नावानगर (बक्सर) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है. पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 7 अगस्त 2026 कर दिया गया है. इससे उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो समय पर आवेदन नहीं कर सके थे.
7 अगस्त तक भर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 7 अगस्त तक बढ़ा दी है. हालांकि परीक्षा की तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है. चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी.
ये छात्र कर सकते हैं आवेदन
नामांकन के लिए अभ्यर्थी का बक्सर जिले का स्थायी (बोनाफाइड) निवासी होना अनिवार्य है. साथ ही छात्र शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय की कक्षा 5वीं में अध्ययनरत होना चाहिए.
आयु सीमा और अन्य पात्रता
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा छात्र ने कक्षा 3, 4 और 5 की पढ़ाई पूर्ण शैक्षणिक सत्र के साथ पूरी की हो. पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर चयन परीक्षा में शामिल हो सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










