खलवा इनार के पास सड़क हादसा, ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार की मौत, जांच में जुटी पुलिस

अस्पताल के बाहर मौजूद परिजन | Prabhat Khabar Network
डुमरांव-बिक्रमगंज मार्ग पर खलवा इनार के पास ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Road Accident: बक्सर जिले के डुमरांव कोरानसराय थाना क्षेत्र के खलवा इनार के समीप डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार की शाम हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन समेत फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मृतक की पहचान डुमरांव थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव निवासी शिवबली राम के 30 वर्षीय पुत्र रामेश्वर राम के रूप में हुई है.
ससुराल से लाैट रहा था घर
बताया जाता है कि वह सिकरौल थाना क्षेत्र के रेंका-पांडेयपुर स्थित अपने ससुराल से घर लौट रहा था. इसी दौरान खलवा इनार के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
चार मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतक तीन भाइयों में मझला था और अपने पीछे चार मासूम बेटियों को छोड़ गया है. पिता शिवबली राम सहित परिवार के अन्य सदस्यों के विलाप से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया.
फरार ई-रिक्शा चालक की पहचान कराई जा रही
कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. दुर्घटना के बाद फरार हुए ई-रिक्शा चालक और वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










