हेलीकॉप्टर भ्रमण योजना के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी कोडरमा से गिरफ्तार, फर्जी वेबसाइट बनाकर करता था साइबर फ्रॉड

Author Nitish kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
हेलीकॉप्टर ठग गिरफ्तार, फर्जी वेबसाइट से ठगी

बिहार सरकार की हेलीकॉप्टर भ्रमण योजना के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले आरोपी को पटना साइबर सेल ने कोडरमा से गिरफ्तार किया है. आरोपी फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को झांसा देता था.

विज्ञापन

Helicopter Tour Cyber Fraud: बिहार सरकार के हेलीकॉप्टर से भ्रमण कराने की योजना के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी मुन्ना पासवान को पटना साइबर थाने की पुलिस ने कोडरमा से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को झांसा देने और साइबर ठगी करने का आरोप है.

कोडरमा के तिलैया से हुई गिरफ्तारी

पटना साइबर थाने की पुलिस ने सोमवार की रात और मंगलवार को कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में छापेमारी की. इस दौरान न्यू कॉलोनी भादोडीह स्थित एक मकान से मुन्ना पासवान को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से नालंदा जिले के कतरीसराय का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है.

फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को बनाया शिकार

जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधियों ने बिहार सरकार की हेलीकॉप्टर भ्रमण योजना की नकल करते हुए एक फर्जी वेबसाइट तैयार कर ली थी. इस वेबसाइट के माध्यम से लोगों को सस्ते दाम में हेलीकॉप्टर से घूमने का झांसा दिया जाता था और उनसे पैसे ठगे जाते थे. मामले की जानकारी मिलने के बाद पटना साइबर थाने में पुलिस के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके बाद वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच की गई, जिसमें आरोपी का लोकेशन कोडरमा के तिलैया क्षेत्र में मिला.

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

लोकेशन की पुष्टि होने के बाद पटना साइबर पुलिस ने कोडरमा पुलिस की मदद से छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि इस दौरान उसके गिरोह के अन्य सदस्य फरार होने में सफल रहे. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

बिहार-झारखंड से लेकर तमिलनाडु तक फैला था नेटवर्क

पुलिस जांच में पता चला है कि यह गिरोह काफी शातिर तरीके से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था. बिहार और झारखंड में बैठकर इस गिरोह ने तमिलनाडु समेत कई राज्यों के लोगों को ठगी का शिकार बनाया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क और ठगी के अन्य तरीकों की जानकारी जुटा रही है.


विज्ञापन
Nitish Kumar

लेखक के बारे में

By Nitish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन