पटना हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन परिसर में 25 कारतूस से भरा पैकेट मिला, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पटना हाईकोर्ट के लॉयर्स एसोसिएशन परिसर में 25 कारतूसों से भरा एक पैकेट मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.

विज्ञापन

Patna High Court Lawyers Association: पटना हाईकोर्ट के लॉयर्स एसोसिएशन परिसर में 7.65 एमएम की 25 कारतूस से भरा एक पैकेट मिलने से हड़कंप मच गया. कारतूस बरामद होने के बाद हाईकोर्ट परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कारतूस को जब्त कर जांच शुरू कर दी.

विज्ञापन

वकीलों ने दी कोर्ट प्रशासन को सूचना

जानकारी के अनुसार लॉयर्स एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ताओं को परिसर में कारतूस से भरा पैकेट मिला. इसके बाद उन्होंने तत्काल कोर्ट ऑफिसर को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस को बुलाया गया और बरामद कारतूस को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई.

कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश को दी गई जानकारी

अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर कुमार सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोतवाली पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कारतूस का पैकेट परिसर में कैसे पहुंचा. इसके लिए हाईकोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर नजर रखी जा रही है.

पहले भी मिल चुके हैं कारतूस

यह पहली बार नहीं है जब पटना हाईकोर्ट के लॉयर्स एसोसिएशन परिसर में कारतूस बरामद हुए हों. इससे पहले भी यहां 50 से अधिक कारतूस बरामद किए जा चुके हैं. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.

हाईकोर्ट में सुरक्षा के हैं कड़े इंतजाम

पटना हाईकोर्ट में कुल पांच प्रवेश द्वार हैं. गेट नंबर एक का उपयोग न्यायाधीशों के लिए किया जाता है, जबकि गेट नंबर दो से पांच तक अधिवक्ताओं और मुवक्किलों का प्रवेश होता है. सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है. इसके अलावा आने-जाने वालों की नियमित जांच की जाती है. गेट नंबर तीन पर बैग और अन्य सामानों की जांच के लिए विशेष कक्ष भी बनाया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कारतूस परिसर तक कैसे पहुंचे.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन