बक्सर: तियरा स्कूल में निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रम, छात्रों को मतदान प्रक्रिया की दी गई जानकारी

Author Kamal pankaj|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन

स्कूली बच्चों को जानकारी देते अधिकारीगण | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बक्सर जिले के तियरा स्थित रघुवंशी कुंवरी प्लस टू विद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब ने एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में छात्रों को मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी गई और लोकतंत्र में उनकी भूमिका पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

Buxar News : बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड के रघुवंशी कुंवरी प्लस टू विद्यालय, तियरा में निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में निर्वाचन प्रक्रिया पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मैनरुल शेख, अवर निर्वाचन पदाधिकारी दीपांकर कुमार, बीडीओ मनोज कुमार एवं बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने छात्रों को निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया.

विज्ञापन

मॉडल स्कूल बनाने की दिशा में हो रहा कार्य

प्रधानाध्यापक ब्रजेश राय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीणों और शिक्षकों के सहयोग से विद्यालय निरंतर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि विद्यालय को मॉडल स्कूल बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. विषयवार शिक्षकों की व्यवस्था के साथ-साथ डिजिटल सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है.

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता जरूरी

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मैनरुल शेख ने कहा कि देश में सभी चुनाव भारत निर्वाचन आयोग की देखरेख में कराए जाते हैं. लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों की मतदान में भागीदारी आवश्यक है. उन्होंने बताया कि अब जनवरी, अप्रैल, जुलाई और अक्टूबर में वर्ष के चार विशेष अवसरों पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया जा सकता है.

18 वर्ष की आयु पूरी होने पर मिलता है मतदान का अधिकार

बीडीओ मनोज कुमार ने छात्रों को मतदान के अधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाला प्रत्येक भारतीय नागरिक मतदाता बन सकता है. उन्होंने छात्रों से निर्वाचन से जुड़े प्रश्न भी पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया. छात्रों ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बाद वे भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे.

ग्रामीणों को जागरूक करने का आह्वान

बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी मतदान के प्रति पर्याप्त जागरूकता नहीं है. उन्होंने छात्रों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने की अपील की.

ऑनलाइन आवेदन की दी जानकारी

अवर निर्वाचन पदाधिकारी दीपांकर कुमार ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. जन्म से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाती है. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब ग्रामीणों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. कार्यक्रम में शिक्षक श्यामनारायण ठाकुर, अजीत सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन