बक्सर के इटाढ़ी ओवरब्रिज के लिए अभी करना होगा इंतजार, मरम्मत के बाद ही खुलेगा पुल, 2-3 महीने लगने के आसार

photo क्षतिग्रस्त बक्सर इठाड़ी आरओबी | Prabhat Khabar Network
बक्सर के इटाढ़ी ओवरब्रिज में आई तकनीकी खामियों के कारण यह फिलहाल बंद है. बड़े स्तर पर चल रहे मरम्मत कार्य को देखते हुए इसे खुलने में 2-3 महीने लग सकते हैं. पुल बंद होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Buxar News : बक्सर के इटाढ़ी ओवरब्रिज के दोबारा चालू होने का इंतजार कर रहे लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है. पुल में सामने आई तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम चल रहा है. निर्माण से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही पुल को यातायात के लिए खोला जाएगा, जिसमें करीब दो से तीन महीने का समय लग सकता है. हालांकि प्रशासन ने अभी कोई आधिकारिक समयसीमा जारी नहीं की है.
26.40 करोड़ का पुल 10 दिन में हुआ बंद
करीब 26.40 करोड़ रुपये की लागत से बने इटाढ़ी ओवरब्रिज के उद्घाटन के महज 10 दिन बाद ही इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ गए थे. 31 मई को पिलर नंबर-5 के पास पुल की सतह पर दरारें मिलने के बाद इसे तत्काल बंद कर दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तीन अभियंताओं को निलंबित कर दिया, जबकि निर्माण एजेंसी की भूमिका की भी जांच जारी है.
चार एक्सपेंशन जॉइंट के पास फिर से हो रहा निर्माण
फिलहाल पुल पर तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में युद्धस्तर पर मरम्मत का काम चल रहा है. चार एक्सपेंशन जॉइंट के आसपास के हिस्सों को तोड़कर नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है. अब तक चार प्रमुख स्थानों से क्षतिग्रस्त कंक्रीट हटाकर संरचना की जांच की जा चुकी है. अन्य हिस्सों का भी निरीक्षण किया जा रहा है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न हो.
गुणवत्ता जांच के बाद ही खुलेगा पुल
निर्माण कार्य से जुड़े लोगों का कहना है कि जिन हिस्सों में इंजीनियरिंग संबंधी खामियां मिली हैं, उन्हें पूरी तरह हटाकर दोबारा बनाया जाएगा. इसके बाद गुणवत्ता परीक्षण और सुरक्षा मानकों की जांच पूरी होने पर ही पुल को आम लोगों के लिए खोला जाएगा.
पुल बंद होने से बढ़ी लोगों की मुश्किलें
ओवरब्रिज बंद होने से ग्रामीणों, रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुल शुरू होने के बाद इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग बंद कर दी गई थी, लेकिन अब पुल बंद होने से लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है. इससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ गई है, जबकि स्कूल बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ है.
स्थानीय लोगों ने जल्द शुरू करने की उठाई मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उद्घाटन से पहले पुल की तकनीकी जांच पूरी तरह कर ली जाती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती. लोगों ने प्रशासन से मरम्मत कार्य में तेजी लाकर पुल को पूरी तरह सुरक्षित बनाते हुए जल्द से जल्द यातायात के लिए शुरू करने की मांग की है..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










