आकाशीय बिजली से बक्सर की बिजली व्यवस्था चरमराई, 29 ट्रांसफार्मर जले, 24 घंटे बाद भी कई गांवों में अंधेरा

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

बक्सर जिले में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. करीब 29 ट्रांसफार्मर जलने से कई गांवों में 24 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है.

विज्ञापन

Buxar News : बक्सर जिले में सोमवार को हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. जिले के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर जलने से कई गांवों में 24 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है. इससे लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और रोजमर्रा के कामकाज में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

29 ट्रांसफार्मर प्रभावित होने का दावा, विभाग ने मानी 12 की पुष्टि

स्थानीय सूत्रों और विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में करीब 29 डोमेस्टिक ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं सामने आई हैं. वहीं कृषि फीडरों से जुड़े ट्रांसफार्मरों के नुकसान का आकलन अभी जारी है. हालांकि विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह ने लगभग 12 ट्रांसफार्मर जलने की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर

जानकारी के अनुसार चंदा, चक्की, नावानगर, उमरपुर (दो ट्रांसफार्मर), दहिवर, मानसिंह पट्टी, बड़कागांव, नंदांव, राजपुर प्रखंड के रामपुर तथा बक्सर शहर के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं हुई हैं. इसके अलावा अन्य गांवों से भी ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की सूचना विभाग को मिली है.

24 घंटे बाद भी बिजली नहीं, ग्रामीणों में नाराजगी

प्रभावित गांवों के लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने के एक दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है. कई स्थानों पर विभागीय कर्मियों ने निरीक्षण किया, लेकिन नए ट्रांसफार्मर अब तक नहीं लगाए गए हैं. उमस भरे मौसम में बिजली संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है.

स्टॉक खत्म, दूसरे जिलों से मंगाए जा रहे ट्रांसफार्मर

सूत्रों के अनुसार जिले में ट्रांसफार्मरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं है. इसी कारण दूसरे जिलों से ट्रांसफार्मर मंगाए जा रहे हैं. विभाग का कहना है कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर ट्रांसफार्मर बदलकर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी.

क्या बोले कार्यपालक अभियंता

विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि जहां-जहां ट्रांसफार्मर जलने की सूचना मिली है, वहां जांच कराई जा रही है. टीआरडब्ल्यू से नए ट्रांसफार्मर मंगाए जा रहे हैं और जल्द से जल्द सभी खराब ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.


विज्ञापन
Parshant Kumar Rai

लेखक के बारे में

By Parshant Kumar Rai

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन