फार्मर रजिस्ट्री में जिला लगातार कई दिनों से सूबे में दूसरे स्थान पर

जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ दिलाने के उद्देश्य से फार्म रजिस्ट्री अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है.
बक्सर. जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ दिलाने के उद्देश्य से फार्म रजिस्ट्री अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है. छह जनवरी से जिले भर में विशेष शिविर लगाकर किसानों की फार्म रजिस्ट्री बनाने का कार्य किया जा रहा है. लगातार दो से तीन दिनों से बक्सर जिला पूरे बिहार में फार्म रजिस्ट्री के मामले में दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
फार्म रजिस्ट्री अभियान को गति देने के लिए जिले में कुल 641 कर्मचारियों को विभिन्न विभागों से तैनात किया गया है. इसमें राजस्व विभाग, कृषि विभाग और पंचायती राज विभाग के कर्मी शामिल हैं. इन कर्मचारियों के सहयोग से पंचायत स्तर पर किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना से वंचित न रह जाये. कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार फार्म रजिस्ट्री कार्य में कुल 52 किसान समन्वयक, 119 किसान सलाहकार, आत्मा के 8 बीटीएम, 119 एटीएम, 53 पंचायत सचिव, 121 डाटा ऑपरेटर, 215 विशेष सर्वे अमीन तथा 59 राजस्व कर्मचारियों को लगाया गया है. किसानों को फार्म रजिस्ट्री कराने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए जिले के संयुक्त कृषि भवन में एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गयी है. इस कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रतिदिन तीन से चार बार फोन के जरिए बैठकें की जा रही हैं. इन बैठकों में फील्ड से मिल रही समस्याओं पर चर्चा कर तुरंत समाधान का निर्देश दिया जाता है. अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या, दस्तावेज से जुड़ी परेशानी या नेटवर्क संबंधी दिक्कतें कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल दूर की जा रही हैं. जिले से प्रखंड स्तर के अधिकारी अभियान की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं. सुबह से देर शाम तक शिविरों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को बेवजह परेशान न होना पड़े. कई पंचायतों में किसानों की संख्या अधिक होने के कारण अतिरिक्त कर्मियों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे रजिस्ट्री का कार्य प्रभावित न हो.
फार्म रजिस्ट्री अभियान में जिले की उपलब्धि की बात करें तो जारी डाटा के अनुसार 15 जनवरी तक कुल 30 हजार 4 किसानों की रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी है. इनमें से 20 हजार 142 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुक हैं. शेष किसानों की रजिस्ट्री का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है. प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिकतम किसानों की फार्म रजिस्ट्री पूरी कर ली जाये. राज्य स्तर पर तुलना करें तो फार्म रजिस्ट्री के मामले में लखीसराय जिला पहले स्थान पर है, जबकि बक्सर ने दूसरा स्थान हासिल किया है. लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उम्मीद जतायी जा रही है कि आने वाले दिनों में जिला प्रथम स्थान भी प्राप्त कर सकता है. इसके लिए कर्मचारियों को और अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिये गये हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




