बक्सर: हर घर तिरंगा अभियान में देशभक्ति के रंग में रंगा कृषि महाविद्यालय, NCC कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
फोटो कैप्शन : राष्ट्रीय ध्वज फहराते प्राचार्य डॉ. पारस नाथ | Prabhat Khabar Network
डुमरांव कृषि महाविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Buxar News : वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव में ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये. बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के अधीन संचालित महाविद्यालय में अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना रहा.
स्वतंत्रता दिवस पर निकली प्रभात फेरी, वीर कुंवर सिंह को किया नमन
15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई. सह-डीन-सह-प्राचार्य डॉ. पारस नाथ के महाविद्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया. इसके बाद उन्होंने वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित की.
एनसीसी कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
समारोह का विशेष आकर्षण एनसीसी कैडेट्स की ओर से प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर रहा. एएनओ डॉ. मजहरूल हक अंसारी के मार्गदर्शन में कैडेट्स ने अनुशासन और सटीकता के साथ सलामी दी. इसके बाद प्राचार्य डॉ. पारस नाथ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी ने राष्ट्रगान गाया.
छात्रों से एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने की अपील
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. पारस नाथ ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया. उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प भी है.
पोस्टर, क्विज और रंगोली प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा
हर घर तिरंगा अभियान के दौरान महाविद्यालय में पोस्टर निर्माण, क्विज, निबंध, रंगोली और तिरंगे के साथ सेल्फी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. इन गतिविधियों में एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभायी. प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











