बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक से पहले गंगा में समाया बक्सर का युवक, स्नान के दौरान पैर फिसलने से मौत
मृतक की फ़ाइल तस्वीर | Prabhat Khabar Network
वाराणसी में सावन की सोमवारी पर जलाभिषेक करने पहुंचे बक्सर के युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। NDRF ने शव को बाहर निकाला, गांव में शोक की लहर है।
Buxar News : सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने वाराणसी पहुंचे बक्सर के एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गयी. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और सरेंजा गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव निवासी प्रदीप कुमार के 24 वर्षीय पुत्र कुश कुमार के रूप में हुई है.
स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया
जानकारी के अनुसार, कुश सोमवार की सुबह दोस्तों के साथ बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने वाराणसी गया था. सुबह करीब सात बजे वह गंगा महल घाट पर स्नान कर रहा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. साथियों ने जब कुश को आसपास नहीं देखा तो उसकी खोजबीन शुरू की गयी.
NDRF ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला शव
युवक के डूबने की सूचना पुलिस और NDRF टीम को दी गयी. मौके पर पहुंची NDRF की टीम ने गंगा में काफी देर तक तलाश अभियान चलाया. घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने कुश का शव पानी से बाहर निकाला.
होनहार युवक की मौत से गांव में पसरा मातम
कुश की मौत की खबर सरेंजा गांव पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गयी. मृतक के दादा बद्री कसेरा समेत परिवार के अन्य सदस्य बदहवास हो गये. 24 वर्षीय युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











