बक्सर: राजपुर में देशभक्ति गीतों पर झूमे ग्रामीण, सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने बिखेरा जलवा
फ़ोटो :- कार्यक्रम प्रस्तुत करते स्कूली बच्चे | Prabhat Khabar Network
राजपुर के स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नुक्कड़ नाटक के जरिए दर्शकों का मन मोह लिया।
Buxar News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजपुर प्रखंड के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों सहित विभिन्न संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही. स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
रघुवंशी कुंवरी विद्यालय में बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुति
रघुवंशी कुंवरी प्लस टू विद्यालय में प्रधानाध्यापक ब्रजेश राय के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य और संगीत प्रस्तुत किया. मुख्य अतिथि बीडीओ मनोज कुमार ने मैट्रिक परीक्षा की बिहार टॉपर ईशा कुमारी को सम्मानित किया. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता हासिल करने के लिए निरंतर स्वाध्याय जरूरी है. शिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी विषयों पर मजबूत पकड़ बनाने के साथ रुचि वाले विषय पर विशेष ध्यान देना चाहिए.
शिक्षा से आसान हो जाती हैं सफलता की राहें
विशिष्ट अतिथि बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने कहा कि शिक्षा से कठिन से कठिन रास्ते भी आसान हो सकते हैं. आने वाले कल को बेहतर बनाने के लिए पढ़ाई बेहद जरूरी है. उन्होंने घोषणा की कि विद्यालय के बच्चों को कला के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए विद्यालय परिसर में कला मंच का निर्माण कराया जाएगा.
नुक्कड़ नाटक से बेटी बचाने और पढ़ाने का दिया संदेश
शिक्षिका कंचन पांडेय और शिक्षक मुकेश राम के निर्देशन में छात्राओं ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. छात्रा प्रीति कुमारी ने प्रभावी अभिनय के माध्यम से भ्रूण हत्या और दहेज प्रथा जैसे सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया. प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा.
देशभक्ति गीतों पर जमकर झूमे दर्शक
छात्र-छात्राओं ने ‘कइसे खेले जइबू सावन के कजरिया’, ‘कश्मीर जिगर के टुकड़ा’, ‘तिरंगा ऊंचा रहेगा’, ‘देश रंगीला रंगीला’ और ‘बेटी हिंदुस्तान की’ जैसे गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया. अनु दुबे, छोटी कुमारी, काजल कुमारी, मुस्कान कुमारी, मधु, सोनम, शिवानी, पूजा समेत अन्य छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. देशभक्ति गीतों पर दर्शक भी झूमते नजर आए.
खीरी और नागपुर विद्यालय में भी हुआ कार्यक्रम
प्लस टू स्कूल खीरी में प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार जवाला तथा पीएम श्री जीएम उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक पंकज पांडेय के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ. खीरी विद्यालय के छात्र शिवानंद तिवारी, छात्रा मधु कुमारी, रुचि त्रिगुण और अंशु त्रिगुण ने शानदार प्रस्तुति दी.
शिक्षकों और अतिथियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
नागपुर विद्यालय में सचिव जितेंद्र राय, भूमिदाता एवं पूर्व मुखिया अमित राय, प्रधान सर, विशाल रस्तोगी, सागर कुमार, सतीश सिंह, संजय सर, उत्तम पांडेय समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे. सभी ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, एकता और समर्पण की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











